पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ढाई महीने पहले लापता हुए युवक का शव कार समेत दोराहा नहर से मिला

ढाई महीने पहले लापता हुए युवक का शव कार समेत दोराहा नहर से मिला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - लुधियाना
ढाई महीने से लापता युवक का शव पुलिस ने कार समेत दोराहा नहर से बरामद किया है। मरने वाला युवक दोराहा का रहने वाला सरबजीत सिंह है। पुलिस ने शव को कार समेत बाहर निकाल कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में उसके दोस्त गुरजोत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सिविल अस्पताल में शव रखवाने आए सरबजीत के मामा नायब सिंह ने बताया कि सरबजीत खेतीबाड़ी का काम करता था और उसने इनोवा कार खरीदी थी। वह इसे किराए पर चलाता था। उन्होंने बताया कि सरबजीत 10 नवंबर को रात के समय सोने के लिए घर जा रहा था। इसी दौरान गांव बेगोवाल का रहने वाला गुरजोत मोटरसाइकिल से सरबजीत के घर आया और उसे साथ चलने के लिए कहने लगा। सरबजीत अपनी मां को कुछ देर बाद आने की बात कह कर गुरजोत के साथ अपनी कार लेकर चला गया। जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो सरबजीत के परिजन उसे तलाशने के लिए मोबाइल पर फोन करने लगे। लेकिन उसका फोन अचानक ऑफ हो गया। जब सुबह तक सरबजीत वापस नहीं आया तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। उन्होंने रोष जताया कि पुलिस ने सरबजीत को ढूंढने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने बताया कि शनिवार की सुबह दोराहा नहर में पानी कम होने से कार दिखी।
सूचना मिलते ही थाना दोराहा के एसएचओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। कार की पीछे वाली सीट पर एक युवक की लाश मिली। उधर कार का नंबर पीबी. 11 एजी 2377 का पता चलते ही सरबजीत के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त सरबजीत के रूप में की। उन्होंने बताया कि कार चारों ओर से टूटी हुई थी। उन्होंने कहा कि सरबजीत की हत्या कर कार समेत लाश नहर में फेंकी गई है। इस संबंध में जब थाना दोराहा के एसएचओ जरनैल सिंह ने बताया कि इस मामले में गुरजोत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।