आनंद पाना है तो प्रभु भक्ति का जप करें
भास्कर न्यूज - लुधियाना
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा किशोर नगर में आयोजित सत्संग सभा में बुराइयों के बारे में जागरूक करते हुए साध्वी अंबालिका भारती ने कहा कि नशा हर मानव के साथ जुड़ा नजर आता है। समाज में किसी को दौलत का नशा है, किसी को फिल्मों का, किसी को अपने पद का, जबकि कुछ लोगों को नशा करने का ही नशा होता है। नशा इंसान को दीमक की तरह अंदर ही अंदर खोखला कर इंसान की बुद्धि को दूषित कर देता है। नशा करने के बाद इंसान का तन मन एकाग्र नहीं रहता और उसका जीवन नरक बन जाता है। साध्वी ने कहा कि अपने आपको सही साबित करने के लिए कई लोग भगवान को भी नहीं छोड़ते और कहते हैं कि भगवान शिव भी सदैव नशे में ही रहते हैं हमने कर लिया तो क्या हो गया। लेकिन उन्होंने तो वह नशा किया था जिसे पीने से अमृत्व की प्राप्ति होती है ना की मृत्यु की। आज समाज में नशे में फंसा युवा वर्ग अनेक प्रकार के कुकर्मों को अंजाम देता है। उन्होंने कहा कि जिस युवा पीढ़ी के कंधों पर हमारे देश भक्तों ने देश की सुरक्षा छोड़ी थी आज वही युवा वर्ग नशे के कारण अपना बोझ उठाने में भी सक्षम नहीं है।
नशा इंसान को जीवन देता नहीं बल्कि उसका नाश करता है। यदि सच में नशा करना चाहते हो तो प्रभु भक्ति का नशा करें जो सदा सदा के लिए चढा रहता है कभी नहीं उतरता। ऐसे नशे को कर हम भक्ति के उच्चतम आनंद को प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर साध्वी राज विद्या भारती द्वारा सुमधुर भजनों का गायन किया गया। विशेष रूप में किरपाल जी, गुरनाम सिंह, मेघराज सिंह, सतनाम सिंह, परमिंद्र सिंह, राजेश कुमार, सरवण सिंह आदि ने अपनी हाजरी लगवाई।सतसंग को विराम प्रभु की आरती से दिया गया।