- Hindi News
- शादी से लौट रहे दादी पोते की कार पलटने से मौत
शादी से लौट रहे दादी-पोते की कार पलटने से मौत
भास्कर न्यूज - लुधियाना
चंडीगढ़ रोड पर एक कार पलटने से दादी-पोते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार ३ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फोर्टिस अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।
चौकी रामगढ़ की पुलिस ने बताया कि पूरा परिवार लुधियाना में एक शादी में शामिल होने के बाद वापस साहनेवाल लौट रहा था। इसी दौरान जंडियाली गांव के मोड़ पर अचानक कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार में सवार महिला हरबंश कौर और उनके पोते संदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार बचित्तर, अवजोत कौर और सुक्खा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सभी लोग साहनेवाल के गांव महेतपुर के रहने वाले हैं और एक ही परिवार के रहने वाले हैं। तीन-चार पलटी खाने के बाद जब यह कार डिवाइडर क्रॉस कर सामने से आ रही कार से भिड़ी तो उस में बैठे सोनी, परवीन कौर और बिंदर कौर भी घायल हो गए। बिंदर और परवीन को साहनेवाल के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ये लोग मुंडियां कलां इलाके से कोहाड़ा की ओर जा रहे थे।