- Hindi News
- एंटरप्रिन्योर ऑर्गेनाइजेशन का पंजाब चैप्टर कल होगा लॉन्च
एंटरप्रिन्योर ऑर्गेनाइजेशन का पंजाब चैप्टर कल होगा लॉन्च
भास्कर न्यूज - लुधियाना
विश्व भर में 40 देशों में चल रहे एंटरप्रिन्योर ऑर्गेनाइजेशन((ईओ)) के नेटवर्क का पंजाब चैप्टर भी लॉन्च किया जा रहा है। इस संस्था को पंजाब में लाने वाले राजीव गर्ग ने बताया कि उन्होंने पंजाब के युवा एंटरप्रेन्योर्स के साथ 18 अक्टूबर 2013 को एक मीटिंग की थी। इसके बाद उन्होंने इस संस्था को पंजाब में भी लाने के साथ ही पंजाब के युवा एंटरप्रेन्योर्स को भी विश्व स्तर पर ईओ के जरिए लाने का कदम उठाया। उन्होंने बताया कि अब तक 17 सदस्य इस ऑर्गेनाइजेशन के सदस्य बन चुके हैं। इसी मकसद से 27 जनवरी को लुधियाना में इस संस्था का औपचारिक तौर पर उद्घाटन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कनाडा की पूर्व जर्नलिस्ट व एनजीओ डायरेक्टर अमांडा लिंडाउट अपने सोमालिया में पकड़े जाने के अनुभव को सबके साथ सांझा करेंगी। भारत में ईओ का ये नौवां चैप्टर होगा, जिसमें निमंत्रण पर ही मैंबरशिप के साथ कुछ नियम भी रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि वे सदस्यों को बिजनेस लीडर बनाएं व साथ ही वे ईओ के इस पंजाब चैप्टर को बहुत ही ज्यादा विश्वास योग्य व आकांक्षापूर्ण चैप्टर बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे बिजनेस एन्वायरनमेंट को प्रभावशाली बनाने के साथ ही सामाजिक कार्यों में भी अपना योगदान देना चाहते हैं। ईओ पंजाब का मुख्य मकसद ही सीखने के साथ ही अपने जीवन में सफलता पा चुके लोगों से शिक्षा लेना भी रहेगा। इस तरह की मीटिंग का आयोजन हर महीने किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से ईओ के मुख्य उद्देश्यों को मानने की गुजारिश की, उन्होंने कहा कि वे खुद भी इस बात का ध्यान रखेंगे कि इन मूल्यों को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ईओ के सदस्य बनने से मेंबर्स को विश्व स्तर पर तरक्की के बहुत से अवसर मिलेंगे।