- Hindi News
- गांधी स्मारक पर प्रतिनिधियों ने लिया विकास का संकल्प
गांधी-स्मारक पर प्रतिनिधियों ने लिया विकास का संकल्प
भास्कर न्यूज - लुधियाना
शहर के विकास के मुद्दे पर मातड़ साथी जागृति मंच के नेतृत्व में आंदोलित गैर-सरकारी संस्थाओं ने गणतंत्र दिवस भी अलग अंदाज में मनाया। उनके प्रतिनिधियों ने जीटी रोड पर सतलुज दरिया के किनारे गांधी-स्मारक पर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद शहर के विकास का संकल्प लिया। जबकि वापसी में जालंधर बाइपास स्थित अंबेडकर-प्रतिमा के सामने शहरियों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने की शपथ ली। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर के विकास की ओर ध्यान नहीं दिया गया तो शासन-प्रशासन के खिलाफ असहयोग आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि विकास के आंदोलन का नैतिक समर्थन करने के लिए इस मौके पर महात्मा गांधी पीस फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी पहुंचे। इस मौके पर मातड़ साथी जागृति मंच के प्रमुख कीमती रावल ने कहा कि देश की आजादी के बाद जिस दिन संविधान लागू हुआ, उस महत्वपूर्ण दिन को ही हम गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं। उसी संविधान में सभी नागरिकों को उनके मूलभूत अधिकार देने की बात कही गई है। उन्होंने चिंता जताई कि मौजूदा समय भ्रष्ट तंत्र के चलते भारतीय गण अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित हैं। हमारे शहर की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। जहां पुराने विकास प्रोजेक्ट पूरे नहीं हुए। जबकि नई परियोजनाओं की घोषणाएं हो रही हैं। ऐसे में चुनावी घोषणापत्र में किए वादे कोरे साबित हो रहे हैं और मतदाता अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं। इस दौरान महात्मा गांधी पीस फाउंडेशन से बृजभूषण गोयल, लुधियाना भलाई मंच से पार्षद कपिल कुमार सोनू, नवकिरण वूमेन वेलफेयर एसोसिएशन से श्रीमती अनीता शर्मा, नौजवान सभा से वरिंदर कौफी, लुधियाना वेलफेयर आर्गेनाइजेशन से श्रीपाल शर्मा, डॉ. कोटनिस हॉस्पिटल से डॉ.इंदरजीत सिंह ढींगरा, राष्ट्रीय विकास परिषद से गुरिंदर सूद, तरनजीत बावा, निर्दोष भारद्वाज व अन्य एनजीओ के सदस्य मौजूद रहे।