- Hindi News
- त्रिशनीत समेत 6 हस्तियों को स्टेट अवॉर्ड
त्रिशनीत समेत 6 हस्तियों को स्टेट अवॉर्ड
समाज की सेवा करने वाली हस्तियों को सीएम ने किया सम्मानित
भास्कर न्यूज - लुधियाना
अपनी मेहनत, पैरेंट्स और भाई के सहयोग से ये अवॉर्ड लेने में सफल हो पाया हूं। अब जब ये अवॉर्ड मुझे मिला है तो मुझमें और भी ज्यादा मेहनत करने की ताकत आई है। हमेशा से ही यही कोशिश रही है कि जो भी काम करूं उसमें अपना 100 फीसदी मेहनत दे सकूं। इसके लिए सीएम प्रकाश सिंह बादल का आभारी हूं। कोशिश है कि आगे भी इसी तरह अपनी सेवाएं सोसायटी को देता रहूं। ये कहना था गणतंत्र दिवस पर स्टेट अवॉर्ड से नवाजे गए 19 वर्षीय त्रिशनीत अरोड़ा का। पुलिस को साइबर क्राइम में मदद करने के लिए त्रिशनीत को ये अवॉर्ड दिया गया है। समाज को बेहतर सेवाएं देकर व समाज भलाई के काम करने पर सरकार व जिला प्रशासन की ओर से ये अवॉर्ड विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को दिया गया। जिसमें लुधियाना जिला से कुल छह लोगों को इस अवॉर्ड से नवाजा गया है। जिसमें सीएमसीएच के डायरेक्टर डॉ. एजी थॉमस, डेंटल सर्जन डॉ. विवेक सग्गड़, संवेदना ट्रस्ट के रविंदर अरोड़ा, जगराओं से सोशल वर्कर सुदर्शन शर्मा और दोराहा मंडी से बलबीर सिंह बुलाला को ये अवॉर्ड दिया गया। गुरु नानक स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य मंत्री प्रकाश सिंह बादल, डिप्टी कमिश्नर रजत अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर निर्मल सिंह ढिल्लों ने नवाजा। संवेदना ट्रस्ट के प्रेसिडेंट रविंदर अरोड़ा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने 2009 में एक्सिडेंट में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि लोगों की मुश्किल में मदद करने से जो सुकून और खुशी मिलती है वो किसी भी अन्य चीज से नहीं मिल सकती। अन्य समाज भलाई के कामों में भी वे अपनी सेवाएं भविष्य में भी इसी तरह ही देते रहेंगे। वहीं, डेंटल सर्जन डॉ. विवेक सग्गड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री से अवॉर्ड मिलना अपने आप में ही काफी खुशी की बात है। बहुत ही खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है।