यूपी से आने लगी नशीली दवाइयां
वरिष्ठ संवाददाता - लुधियाना
नगर में नशीली दवाइयों की बिक्री को रोकने के लिए पुलिस द्वारा कसे गए शिकंजे के बाद नशेड़ी यूपी से नशीली दवाइयां मंगवानी शुरू कर दी है। सीआईए रेलवे की टीम ने इस मामले में यूपी के रहने वाले चंद्रशेखर सिंह उर्फ सूरज को गिरफ्तार किया है। आरोपी से प्रोक्सिवन के 720 कैप्सूल बरामद किए हैं।
इंस्पेक्टर बलवीर सिंह घुम्मन ने बताया कि पुलिस प्लेटफार्म पर चेकिंग कर रही थी। शक के आधार पर चंद्रशेखर को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से नशीले कैप्सूल मिले। आरोपी ने बताया कि वह पेंटर का काम करता है। कुछ दिनों के लिए गांव गया था। उसके एक अन्य साथी ने उसे इस दवा का नाम बताया। उसने कहा कि यदि वह यूपी से दवा लेकर आएगा तो उसे दोगुने दाम मिलेंगे। इसी के चलते वह यह दवा लेकर आया था। क्योंकि उसके दोस्त ने कहा था कि यहां पर सख्ती है और वहां आसानी से दवा मिल जाती है। आरोपी टिब्बा रोड में किराए के मकान में रहता है। जांच अधिकारी ने बताया कि उसके दोस्त की तलाश में रेड की जा रही है। आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी चेक किया जा रहा है।