पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जीजा साले गैंग बनाकर लूटते थे एटीएम, चार लुटेरे गिरफ्तार

जीजा-साले गैंग बनाकर लूटते थे एटीएम, चार लुटेरे गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
वरिष्ठ संवाददाता - लुधियाना
कई जिलों की पुलिस को चकमा देने वाले गैस कटर से एटीएम काटकर नकदी चुराने वाले गिरोह के 4 लोगों को सीआईए टू की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह ने थाना फोकल प्वाइंट के इलाके सहित कई जगह पर वारदातों को अंजाम दिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में फिरोजपुर का कुलदीप कुमार, लाली, निर्मल उर्फ निम्मा व राकेश कुमार शामिल हैं। फरार हुए आरोपियों में गिरोह का सरगना रमन व उसका साला अजय कुमार हैं।
आरोपियों को पुलिस ने उस समय गिरफ्तार किया जब वह शिवपुरी इलाके में एटीएम तोडऩे की तैयारी के लिए जुटे थे। आरोपियों के खिलाफ थाना बस्ती जोधेवाल में गिरोहबंदी के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियो से गैस कटर, गैस सिलेंडर, राड, 80 हजार रुपए, लोहे की राड व तेजधार हथियार, सीसीटीवी कैमरे पर फेंकने वाला स्प्रे व एक ट्रक बरामद किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस कमिश्नर निर्मल सिंह ढिल्लों ने बताया कि 15 जनवरी को इसी गैंग ने शेरपुर इलाके में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को गैस कटर से काट कर 14 लाख रुपए की नकदी चोरी की थी। इंस्पेक्टर राजेश शर्मा व उसकी टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी शिवपुरी इलाके में दोबारा वारदात करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर आरोपियों को रेड कर गिरफ्तार कर लिया गया। सरगना अपने साले समेत टाटा जेनोन में सवार होकर फरार हो गया।
शुरुआती जांच में पता चला कि सरगना रमन ने अपने ही सालों व अन्य परिजनों के साथ मिलकर गिरोह बनाया हुआ है। रमन के खिलाफ हार्ड क्राइम के 7 से अधिक मामले दर्ज हैं। वारदात से पहले सरगना खुद ही रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देता था। रात को वारदात के लिए वह ट्रक में सामान लेकर जाता था। ताकि किसी को दिखाई न दें। वारदात स्थल से कुछ दूरी पर ही ट्रक पार्क कर टाटा 407 लेकर आगे जाते थे और एटीएम के बाहर ही गाड़ी खड़ी कर देते थे। सरगना पहले स्प्रे करता था। गाड़ी में रखे गैस कटर की पाइप भी काफी लंबी रखी हुई थी। गैस कटर चलाने वाले दो लोगों को समझाकर सरगना नकदी निकाल लेता था। सरगना एक वारदात के बाद सदस्यों को बदल लेता था। रमन को एटीएम के बारे में पूरी जानकारी रहती है।
फोकल प्वाइंट की वारदात में गिरोह के नए सदस्य राकेश कुमार उर्फ भुट्टो ने ही गैस कटर चलाया था। नया होने के कारण वह ठीक ढंग से एटीएम काट न सका और कुछ नोट जल गए। जिन्हें पुलिस ने मौके से बरामद कर लिए थे। आरोपियों से मिले कुछ जले हुए नोटों को इन नोटों से मिलाया गया है। आरोपियों के खिलाफ फिरोजपुर रेलवे स्टेशन के यार्ड में माल गाडिय़ों से सामान चोरी करने के आरोप में भी मामले दर्ज है। आरोपी जेल से छूटते ही नया गिरोह गठित कर लेता है। आरोपियों से बरामद वाहनों को लेकर भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए रेड की जा रही है।