- Hindi News
- पोते को बचाने गए पूर्व फौजी को छत से दिया था धक्का, मौत
पोते को बचाने गए पूर्व फौजी को छत से दिया था धक्का, मौत
वरिष्ठ संवाददाता - लुधियाना
पतंग उड़ाने को लेकर गांव ललतों में हुए झगड़े के दौरान अपने पौत्र अरविंद का बीच-बचाव करते घायल हुए पूर्व फौजी धर्मदेव की मौत हो गई। थाना सदर की पुलिस ने इस मामले में हत्या के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में पहले ही एक आरोपी नीतीश को गिरफ्तार किया था। जबकि दूसरे चारों आरोपी बलराम, अमन व उनके दोनों साथी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने इस मामले में पहले जान लेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया था।
चौकी प्रभारी दविंदर सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता पक्ष ने बयान दिया था कि पूर्व फौजी धर्मदेव का पौत्र अरविंद अपनी छत पर पतंग उड़ा रहा था। पड़ोस में रहने वाले लोगों से मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर उक्त लोग अरविंद से गाली-गलोच करते हुए मारपीट करने लगे। जब धर्मदेव अपने पौत्र के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुने तो वह उसका बचाव करने के लिए छत पर गए। हमलावरों ने धर्मदेव के साथ मारपीट की और बाद में उनको छत से नीचे फेंक दिया। जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जांच अधिकारी ने बताया कि धर्मदेव को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। लेकिन दोबारा हालत बिगडऩे पर उन्हें17 जनवरी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वारदात से करीब 2 महीने पहले ही उसकी बाइपास सर्जरी भी हुई थी। जांच अधिकारी ने बताया कि अन्य आरोपियों को लेकर पुलिस रेड कर रही है। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।