- Hindi News
- पहले नजमा, मंडे को शकुंतला, करंट का अगला शिकार कौन?
पहले नजमा, मंडे को शकुंतला, करंट का अगला शिकार कौन?
कौशल सिंह - लुधियाना
गुरु तेग बहादुर नगर इलाके के लोगों को सोमवार को करंट की चपेट में आकर शकुंतला की मौत के बाद यह डर सताने लगा है कि उनकी छतों से गुजरती हाईटेंशन तारों की चपेट में आने की बारी अब किसकी है। पूरे इलाके के लोग हादसे के बाद से दहशत में हैं। दो साल पहले भी इसी मकान के पास 7 साल की नजमा बिजली की तारों की चपेट में आकर अपना दोनों हाथ गंवा चुकी है। मंगलवार को ही उसके पिता आशिक अली उसके सिर पर आई चोट का इलाज करवाने पीजीआई चंडीगढ़ लेकर गए।
सोमवार की शाम को अपने काम से लौटी शकुंतला बाथरूम में कपड़े धोकर निकली। जैसे ही उसने अपनी शॉल फैलाने की कोशिश की वह हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गई। शकुंतला की मौके पर ही मौत हो गई। शकुंतला के पति इंदरजीत, 7 साल की लड़की प्रिया और 4 साल का छोटा बेटा शिवम इस वक्त घर में ही मौजूद थे। इलाके के लोग सबसे ज्यादा इस बात को लेकर दहशत में रहते हैं कि यहां से गुजरने वाली हाईटेंशन की दोनों ही लाइनें एक ही खंभे पर हैं। ये तारें कहीं उनकी छतों के बिल्कुल ही ऊपर से तो कहीं बिल्कुल ही सटकर गुजरतीं हैं। पावर कॉम को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया है।