- Hindi News
- पत्नी के हत्यारे को सजा दिलाने के लिए कोर्ट जाऊंगा : वरिंदर
पत्नी के हत्यारे को सजा दिलाने के लिए कोर्ट जाऊंगा : वरिंदर
भास्कर न्यूज - लुधियाना
समराला चौक स्थित डोमिनोज के पास शनिवार रात हुए सड़क हादसे में अपने पति और बच्चों के साथ जा रही महिला की मौत के बाद गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को जमानत पर रिहा कर दिया। हादसे की शिकार बनी नीलम के पति वरिंदर ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एकतरफा कदम उठाया है और वे अपनी पत्नी के हत्यारे को सजा दिलाने के लिए कोर्ट में जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि, पुलिस ने हादसे के बाद भी मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया था, बाद में थाने के बाहर जब मोहल्ले वालों के साथ पहुंच कर प्रदर्शन किया तो पुलिस ने धारा 304 ((ए)) का मामला दर्ज कर लिया।
वरिंदर ने बताया कि, शनिवार रात जब हादसा हुआ तो मैं और दोनों बेटी भी हमारे साथ थी, लेकिन ना तो मुझे चोट आई और ना ही मेरी बेटियों को, मेरी पत्नी भी आज जिंदा होती अगर वह दोबारा उसपर कार ना चढ़ाता तो।
क्या हुई थी घटना
शनिवार को नीलम अपने पति वरिंदर के साथ एक धार्मिक समारोह में शामिल होने अपने घर 33 फुटा रोड स्थित हरजाप नगर से जा रही थी। उनकी बेटी छवि ((3 साल)) और कनु ((डेढ़ साल)) भी उनके साथ ही थी। डोमिनोज के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर से वह और उनकी दोनों बेटियां सड़क की बायीं ओर गिरे, जबकि नीलम दाई ओर सड़क पर गिरकर जख्मी हो गई। वरिंदर उठकर कार सवार से टक्कर मारने को लेकर बहस करने लगा। उसने कार सवार से बोला कि पत्नी को अस्पताल तक पहुंचा दो। नशे में धुत्त आरोपी ने गुस्से में आकर सड़क पर गिरी पत्नी को कार से रौंद दिया और भाग निकला। गंभीर हालत में जख्मी नीलम को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से वह ऑटो से सीएमसी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया।