बिना पहचान पत्र बन रहे आधार कार्ड
भास्कर न्यूज - लुधियाना
शिवसेना के चेयरमैन राजीव टंडन ने पुलिस के आला अधिकारियों व देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर मांग की कि सरकार की तरफ से देश के लोगों को पहचान पत्र देने के लिए आधार कार्ड की योजना शुरू की गई है। लेकिन कुछ लोग इस योजना को लेकर गलत रूप से पैसा कमा रहे है। जो कि देश के हित के खिलाफ है। टंडन ने आरोप लगाया कि हैबोवाल के एक केन्द्र पर वह खुद ही इस मामले की जांच के लिए गए। वहां पर मौजूद लोगों ने उससे 400 रुपए लेकर बिना किसी दस्तावेज चेक किए उनका आधार कार्ड बना दिया। इस मामले को लेकर उन्होंने थाना हैबोवाल पुलिस को शिकायत भी की। लेकिन पुलिस ने फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की। इस अवसर पर उनके साथ राकेश कपूर, भानू राज पुरोहित , विनोद कालिया व अन्य मौजूद थे। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने कार्रवाई न की तो वह जल्द ही आला अधिकारियो को मिल कर गुहार लगाएंगे।