पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दो मोटर के सहारे चल रहा 25 वॉर्डों का सीवरेज पानी ट्रीटमेंट करने का प्लांट

दो मोटर के सहारे चल रहा 25 वॉर्डों का सीवरेज पानी ट्रीटमेंट करने का प्लांट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - लुधियाना
शहर के लगभग 25 वॉर्डों के सीवरेज पानी को ट्रीटमेंट करने वाला प्लांट मात्र दो मोटरों के भरोसे चल रहा है। हैबोवाल के बलौकी में बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में लगी 8 मोटरों में से चार मोटरें बंद पड़ी है। बाकी की चार चल रही मोटरों में से दो-दो को शिफ्टों में चलाया जाता है। यानि शहर के एक तिहाई हिस्से के सीवरेज के पानी को केवल दो मोटरें ही ट्रीट कर रही है। ऐसी स्थिति पिछले तीन साल से बनी है। मोटरों को ऑपरेट करने का काम सीवरेज बोर्ड कर रहा है। जिसमें आने वाले खर्च का भुगतान नगर निगम करता है। पर तीन साल से बंद पड़ी मोटरों को न तो सीवरेज बोर्ड ठीक कर रहा है न ही नगर निगम इस ओर ध्यान दे रहा है। जिस कारण शहर के कई वॉर्ड सीवरेज के ओवर फ्लो की समस्या से जूझ रहे है।
सीवरेज का पानी सड़कों और लोगों के घरों में भर रहा है। 35 हजार आबादी वाले शहर के सबसे बड़े वॉर्ड 31 में काफी बुरा हाल है। वहीं, पार्षद नरिंदर सिंह मल्ली ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा करने भी गए। उनके साथ वॉर्ड 29 के पार्षद मिंटू शर्मा व कांग्रेस कौंसिल के चेयरमेन बलकार सिंह, एसडीओ नगर निगम बलविंदर सिंह भी थे।
उन्होंने कहा सीवरेज फ्लो होने की सबसे ज्यादा समस्या उनके वॉर्ड में है। उनका वॉर्ड नीचा होने से आसपास के इलाकों का पानी भी इसी वॉर्ड में भर जाता है। मोटरें चलाने के लिए कई बार सीवरेज बोर्ड को भी कहा जा चुका है। लेकिन सीवरेज बोर्ड का इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। जिस कारण परेशानी आम जनता को भुगतनी
पड़ रही है।




इन इलाकों में

हैं समस्या

ट्रीटमेंट प्लांट की मोटरें खराब होने से शहर के 25 इलाकों का सीवरेज प्रभावित हो रहा है। प्लॉट वॉर्ड 26, 27, 28, 30, 31, 55 सहित अन्य वॉर्डों के सीवरेज के पानी को ट्रीट करता है। मोटर खराब होने से यह इलाके प्रभावित हो रहे हैं।



पंप खराब होने से नहीं चल रही मोटरें

मोटरों के साथ पंप भी खराब है। जिसका इलाज केवल बदलना ही है। मोटरों की तो रिपेयरिंग भी की जा सकती है। लेकिन इन पंपों को बिना बदले नहीं चलाया जा सकता। पंपों को बदलने के लिए लगभग 30 से 40 लाख रुपये की जरूरत है। जो नगर निगम ने जारी करना है। जैसे ही निगम रुपये देगा मोटरों की ठीक करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। मोटरों के पार्ट दिल्ली से मंगवाने पड़ते हैं। मोटरों को ठीक करने व पंप बदलने में एक महीने का समय लगेगा।- विजय कुमार, चार्ज मैन, बलौकी ट्रीटमेंट प्लांट।

राजेश नगर में शुरू की गई सफाई

वॉर्ड 31 के राजेश नगर में नगर निगम ने सीवरेज लाइन की सफाई शुरू कर दी है। जिस लोगों ने दैनिक भास्कर का आभार प्रगट किया है। उन्होंने कहा पिछले तीन साल से इस समस्या से जूझ रहे थे। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर ने लोगों की समस्या संबंधी खबर को प्रकाशित किया था। जिसके तुरंत बाद ही पार्षद ने इलाके का दौरा किया व लोगों की समस्याएं भी सुनी। उन्होंने निगम प्रशासन को सूचित कर सीवरेज लाइन की सफाई शुरू करा दी है।