- Hindi News
- ट्रेन से अपहृत लक्ष्मी की तलाश को 3 टीमें गठित
ट्रेन से अपहृत लक्ष्मी की तलाश को 3 टीमें गठित
वरिष्ठ संवाददाता - लुधियाना
अगस्त 2013 में बद्दोवाल से लुधियाना आ रही 3 वर्षीय लक्ष्मीबाई के अपहरण के मामले में थाना जीआरपी की तीन टीमें गठित की हैं। इस मामले को लेकर पीडि़त परिवार ने हाईकोर्ट में गुहार लगाई थी। तब ही पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी।
गौरतलब है कि खन्ना के निकट रहने वाली उर्मिल नट बद्दोवाल से लुधियाना आ रही थी तो वारदात हुई थी। उसका आरोप था कि किसी महिला ने उससे बच्ची छीन ली थी। बच्ची की दादी का कथित आरोप था कि जब वह पुलिस स्टेशन पर इस संबंध में शिकायत करने के लिए गई थी तो मौके पर ड्यूटी दे रहे मुलाजिम ने उसकी बात नहीं सुनी ।
डीएसपी हरदीप सिंह ने बताया कि इस संबंध में जीआरपी की तरफ से तीन टीमें गठित की गई। जिसमें एक टीम इंस्पेक्टर बलदेव सिंह रंधावा, सीआईए इंचार्ज बलवीर सिंह घुम्मन व आरपीएफ के यशवंत सिंह के नेतृत्व में काम करेगी। जबकि एसआईडी इंस्पेक्टर मुरलीधर इसके लिए विशेष रूप से जांच करेंगे।
उन्होंने बताया कि एक टीम स्टेशन पर चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में चेकिंग करेगी और दो अन्य टीमें दूसरे जिलों में जाकर जांच करेंगी। इसके अलावा पिछले सालों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों के बारे में भी पता लगाया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में अगस्त 2013 में ही मामला दर्ज किया था। डीएसपी ने बताया कि इस मामले को लेकर दूसरे जिलें की पुलिस से भी संपर्क बनाया जा रहा है ताकि आरोपी को
गिरफ्तार कर बच्ची को बरामद किया जा सके।
अगस्त 2013 में हुआ था अपहरण, हाईकोर्ट के निर्देशों पर हुई थी कार्रवाई