- Hindi News
- चोरी के मोटरसाइकिलों से करते थे छीनाझपटी, दो गिरफ्तार
चोरी के मोटरसाइकिलों से करते थे छीनाझपटी, दो गिरफ्तार
वरिष्ठ संवाददाता - लुधियाना
अय्याशी व नशों की पूर्ति के लिए छीना झपटी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में चौकी सुंदर नगर की पुलिस ने दो लोगों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों से छीने गए 7 मोबाइल व चोरी के दो मोटरसाइकिल भी बरामद किए है। आरोपी फतेह सिंह उर्फ हैप्पी कश्मीर नगर व अशोक कुमार उर्फ मुन्ना बाबा थान सिंह चौक के रहने वाले है। आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से कई अन्य मामले हल होने की संभावना है। चौकी इंचार्ज कपिल शर्मा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही आरोपियों ने सुभाष नगर की रहने वाली प्रिया बैंस की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। प्रिया ने अपने बयान में बताया था कि जब वह बाजार से वापस आ रही थी तो मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने तेजधार हथियार दिखा कर उसका मोबाइल व पर्स छीन लिया था। जब पुलिस नाकाबंदी के दौरान चेकिंग कर रही थी तो आरोपियों को शक के आधार पर रोका गया और उससे चोरी का सामान मिला। शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंनें ही प्रिया से छीना झपटी की थी। आरोपियों ने बताया कि एक मोटरसाइकिल उन्होंने शिवपुरी चौक से चोरी किया था और एक मोटरसाइकिल इलाके से ही चुराया था। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है और उनके साथियों को लेकर भी पता लगाया जा रहा है।