- Hindi News
- सेफ स्कूल वाहन स्कीम की जानकारी लेने नहीं पहुंचे स्कूल प्रबंधक
सेफ स्कूल वाहन स्कीम की जानकारी लेने नहीं पहुंचे स्कूल प्रबंधक
भास्कर न्यूज - लुधियाना
एजुसेट के जरिए सेफ स्कूल वाहन स्कीम की जानकारी देने में ज्यादातर स्कूल प्रबंधक पहुंचे ही नहीं। क्योंकि स्कूल प्रबंधकों के पास इसी योजना की कोई जानकारी नहीं थी। इस प्रोग्राम को विभाग द्वारा 31 जनवरी को भी टेलीकास्ट किया जाएगा। हालांकि इस योजना की जानकारी देने के लिए डायरेक्टर जरनल स्कूल एजुकेशन की तरफ से 21 जनवरी को जिला शिक्षा विभाग को लिखित पत्र भेज दिया गया था। जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों को 30 और 31 जनवरी को एजुसेट पर टेलीकास्ट किए जाने वाले प्रोग्राम की जानकारी देनी थी। इस बारे में दशमेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल चमकौर सिंह ने बताया कि उनको इस टेलीकास्ट की कोई जानकारी नहीं थी। इसलिए वह कहीं गए ही नहीं। उधर शहीद-ए-आजम सुखदेव थापर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल कमलजीत कौर ने कहा कि एजुसेट पर सेफ स्कूल वाहन स्कीम की जानकारी लेने के लिए वह खुद मौजूद थे, लेकिन बाहर से कोई भी स्कूल नहीं आया। बस उनके स्कूल के टीचर, स्टूडेंट ही थे। जिला शिक्षा अधिकारी ((सेकेंडरी)) परमजीत कौर ने बताया कि उन्होंने समाचार पत्रों के माध्यम से इस जानकारी को दे दिया था। अब स्कूल प्रबंधक इस जानकारी के बाद भी नहीं पहुंचे तो क्या हो सकता है।