- Hindi News
- समझौते के दौरान कहासुनी, धक्का देने से एक मौत
समझौते के दौरान कहासुनी, धक्का देने से एक मौत
भास्कर न्यूज - लुधियाना
एमडी सेल के बाहर समझौते के लिए पहुंचे दो पक्षों में जमकर बहस शुरू हो गई। इसी दौरान एक पक्ष के कुछ लोगों ने सुरिंदर अरोड़ा को धक्का मारा जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। थाना डिवीजन नं.4 की पुलिस ने बताया कि रड़ी मोहल्ले के रहने वाले सुरिंदर अरोड़ा की लड़की भावना की शादी 2012 में सिविल सिटी के रहने वाले अश्विनी कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से किसी बात को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। इससे पहले कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका था। फिर भी दोनों अलग-अलग रहते थे। भावना ने इसकी शिकायत एमडी सेल में की थी। वीरवार को इसी बात को लेकर वुमन सेल में दोनों ही पक्षों को बुलाया गया था। इसी दौरान दोनों पक्षों ने समझौता खुद करने की बात कहकर यहां से बाहर चले गए। पास के एक पुल नीचे बैठकर दोनों पक्षों में बातचीत शुरू हुई। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में विवाद हो गया। लड़की पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि लड़का पक्ष के लोगों ने सुरिंदर को धक्का दे दिया। जिससे वह जमीन पर जा गिरे और बेहोश हो गए। उन्हें इलाज के लिए डीएमसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। पुलिस ने इस मामले में सुरिंदर अरोड़ा के बेटे रोहित की शिकायत पर उनके दामाद अश्विनी कुमार, अनिल कुमार और ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।