पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बाबा दया सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बाबा दया सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जत्थेदार मक्कड़ ने कहा: अजायबघर में सुशोभित होगी बाबा की तस्वीर
भास्कर न्यूज - तरनतारन
संप्रदाय दल बाबा बिधीचंद के 11वें मुखी संत बाबा दया सिंह सुरसिंह वालों की अंतिम अरदास मौके पर उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल, उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल सहित कई धार्मिक और राजनीतिक नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। समागम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि संत जी महान तपस्वी, त्यागी और धार्मिक शख्सियत के मालिक थे। उनके निधन से खालसा पंथ व कौम को भारी घाटा पड़ा है। उन्होंने कहा कि संत जी बचपन से ही धार्मिक प्रवृत्ति के थे। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी धार्मिक कार्यों में लगाकर लाखों लोगों को गुरु पंथ के साथ जोड़ा। बादल ने कहा कि उनके संत बाबा दया सिंह जी के साथ गहरे संबंध थे। अकसर ही वह बाबा जी को मिलने के लिए उनके निवास पर आते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली दल ने जब ही पंजाब और पंजाबियत के लिए मोर्चा लगाया संत जी ने पूर्ण समर्थन दिया। अब उनके पैरोकार जो भी उन्हें सेवा लगाएंगे वे उसे पूरा करने की कोशिश करेंगे जो उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर बादल ने गांव सुरसिंह में लड़कियों का कॉलेज खोलने का ऐलान किया और गांव के स्टेडियम को 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस मौके पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि संत बाबा दया सिंह जी ने अपना पूरा जीवन और धर्म व इतिहास के साथ लोगों को जोडऩे के लिए लगाया। लाखों लोगों को अमृतपान करवाकर गुरु घर से जोड़ा। अब पंजाब सरकार राज्य के युवाओं को नशे से रोकने के लिए कई बड़े उपाए कर रही है। उन्होंने उनके परिवार के साथ पूरी हमदर्दी जताई। उन्होंने कहा कि गांव सुरसिंह को सुंदर बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। इस मौके पर उन्होंने गांव के विकास के लिए 51 लाख रुपए देने का ऐलान किया।
इस मौके शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अवतार सिंह मक्कड़ ने कहा कि संत बाबा दया सिंह जी ने सिख पंथ के प्रति महान सेवाएं दी हैं। उनकी याद को हमेशा ताजा रखने के लिए उनकी तस्वीर अजायब घर में सजाई जाएगी ताकि आने वाली पीढ़ी उन्हें हमेशा याद रख सके। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों, कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया, कैबिनेट मंत्री गुलजार सिंह रणिके, श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार गुरबचन सिंह, सांसद डॉ. रतन सिंह अजनाला, संत बाबा सेवा सिंह, संत बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल, सत्याजीत सिंह मजीठिया, विधायक हरमीत सिंह संधू, विधायक प्रो. विरसा सिंह वल्टोहा, जत्थेदार जोगिंदर सिंह वेदांती, संत नरिंदर सिंह हजूर साहिब वाले, ठाकुर उदयसिंह नामधारी संप्रदाय, बाबा तरलोक सिंह तरना दल वाले आदि उपस्थित थे। समागम के पहले श्री अखंठ पाठ साहिब के भोग डाले गए। इसके बाद मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ और संत बाबा हरनाम सिंह धुन्ना ने बाबा जी के बड़े बेटे बाबा अवतार सिंह के सिर पर दस्तार सजाई। समागम में देश-विदेश से लोग शामिल हुए।



सीएम परकाश सिंह बादल ने बाबा के नाम पर लड़कियों का कॉलेज खोलने और गांव सुरसिंह को ५१ लाख रुपए देने की घोषणा की