- Hindi News
- सीजेएम ने किया लीगल एड क्लीनिक सेंटरों का शुभारंभ
सीजेएम ने किया लीगल एड क्लीनिक सेंटरों का शुभारंभ
भास्कर न्यूज - फाजिल्का
चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कम पंजाब कानूनी सेवा अथॉर्टी के जिला सचिव विक्रांत कुमार गर्ग की ओर से शुक्रवार को फाजिल्का के अंतर्गत पड़ते 3 गांवों में लीगल एड क्लीनिक सेंटरों का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर गर्ग ने फाजिल्का के गांव लाधुका, जलालाबाद के गांव ढंडी कदीम और अबोहर के गांव वरियाम खेड़ा में लीगल एड क्लीनिक का रिबन काटकर शुभारंभ किया गया। इन तीनों स्थानों पर गर्ग ने सेमिनार में विभिन्न योजनाओं और क्लीनिक खोलने के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। सीजेएम ने तीनों गांवों में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि 24 जनवरी को पूरे भारत में ब्लॉक स्तर पर लीगल एड क्लीनिक खोले जा रहे हैं, जिसके तहत फाजिल्का के अंतर्गत पड़ते ब्लॉकों में भी लीगल एड क्लीनिक सेंटरों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि क्लीनिक सेंटर खोलने का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों और कानून के प्रति जागरूक करना है, ताकि किसी का भी कोई शोषण नहीं हो और हर किसी को न्याय मिले।
उन्होंने कहा कि आज खोले गए सेंटरों पर ग्रामीणों को कानूनी सहायता देने के लिए वकीलों तथा पैरालीगल वालंटियर्स की नियुक्तियां कर दी गई हैं। इस मौके पर गर्ग ने योजनाओं के बारे में बताया कि डेढ़ लाख से कम वार्षिक आय वाला व्यक्ति मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है। इस मौके पर पीएलवी प्रीतम सिंह और जसवंत सिंह ने लोगों से अथॉर्टी की कई योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। इसके अलावा संजीव भूसरी, भारत छाबड़ा, मनीष शर्मा, अमृतपाल सिंह तिन्ना व एडवोकेट साहिब राम द्वारा भी संबोधित करते हुए जिला कानूनी सेवाएं अथॉर्टी की ओर से लोगों में जागरुकता फैलाने के बारे में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। ((झांब))