- Hindi News
- आज से प्रतिदिन चलेगी श्रीगंगानगर सरायरोहिला
आज से प्रतिदिन चलेगी श्रीगंगानगर-सरायरोहिला
अबोहर - श्रीगंगानगर से सरायरोहिला ((दिल्ली)) के बीच सप्ताह में ३ दिन चलने वाली रात्रिकालीन एक्सप्रेस अब 26 जनवरी से प्रतिदिन आवागमन करेगी। श्रीगंगानगर से हावड़ा के बीच चलने वाली दैनिक उद्यान आभा एक्सप्रेस ट्रेन के बंद होने से दिल्ली जाने वाले दैनिक यात्रियों को अब निजी बस चालकों को मनमाना भाड़ा अदा नहीं करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष इलाके के रेलवे यात्रियों की मांग पर श्रीगंगानगर से सरायरोहिला के बीच शुरू की गई एक्सप्रेस गाड़ी सप्ताह में तीन दिन चला करती थी। हालांकि इस गाड़ी का दायरा श्रीगंगानगर से अब बीकानेर तक भी बढ़ा दिया गया है। फिलहाल यह गाड़ी श्रीगंगानगर से बीकानेर सप्ताह में तीन दिन चल रही है।
यात्रियों की मांग है कि इस गाड़ी को श्रीगंगानगर-बीकानेर मार्ग पर रोजाना चलाया जाए। इस गाड़ी के बीकानेर तक बढ़ाए जाने से इलाके के बड़ी संख्या में कैंसर से पीडि़त लोगों को भी लाभ मिला है। उत्तर रेलवे यात्री संघ के महासचिव हनुमान दास गोयल ने श्रीगंगानगर-सरायरोहिला के बीच चलने वाली इस ट्रेन को दैनिक किए जाने पर रेल मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि इससे पंजाब, हरियाणा व राजस्थान से दिल्ली जाने वाले लोगों को काफी फायदा मिलेगा।