पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एक साल बाद भी दर्ज नहीं की चोरी की एफआईआर

एक साल बाद भी दर्ज नहीं की चोरी की एफआईआर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - फिरोजपुर
रविवार जब पूरा देश गणतंत्र दिवस की खुशियां मना रहा था तो शांति नगर निवासी युवक यूनस 26 जनवरी 2013 को रेलवे स्टेशन के बाहर से चोरी हुई बाइक का मामला दर्ज करवाने के लिए थाना जीआरपी की खाक छानता फिर रहा था। पुलिस ने एक साल मामला लटकाने के बाद आखिरकार यूनस को कोरा जवाब देते हुए कहा कि हम नहीं मानते की तुम्हारी बाइक चोरी हुई है। इसके बाद भास्कर कार्यालय आकर यूनस ने अपनी आप बीती सुनाई। उसने कहा कि पुलिस यह तय करने वाली कौन होती है कि मेरी बाइक चोरी हुई है या नहीं?
प्राइवेट संस्था में कर्मचारी यूनस पुत्र जार्ज ने बताया कि 26 जनवरी 2013 को उनके संस्थान के जीएम फिरोजपुर आए हुए थे और रात्रि वह उन्हें पंजाब मेल गाड़ी में चढ़ाने के लिए रेलवे स्टेशन छोडऩे गया था। यूनस अनुसार वह अपने रिश्तेदार सतपाल निवासी मल्लांवाला की बाइक लेकर स्टेशन पहुंचा और बाइक स्टेशन के बाहर पार्किंग में खड़ी कर गया। वह अपने बॉस को गाड़ी पर चढ़ाकर कुछ ही मिनट में वापस लौटा तो उसकी बाइक वहां से गायब थी। यूनस ने बताया कि इस बारे में उसने उसी समय थाना जीआरपी में पहुंचकर वहां तैनात स्टाफ को सूचना दी और उनके कहने पर 27 जनवरी 2013 को सुबह अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
यूनस ने बताया कि उसके द्वारा दी गई शिकायत को थाना जीआरपी के सहायक मुंशी अमरजीत सिंह द्वारा क्रमांक 1/फिरोजपुर, 27 जनवरी 2013 के तहत दर्ज किया गया और मामले की जांच एएसआई वीर चंद को सौंपी गई। उसने बताया कि रविवार जब वह पुन: थाना जीआरपी जाकर एएसआई वीर चंद से मिला तो उन्होंने यह कहकर उसके पैरों तले जमीन खिसका दी कि उसकी बाइक चोरी हुई ही नहीं।
उधर थाना जीआरपी प्रभारी गुरबख्श सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले से वाकिफ हैं, एएसआई वीर चंद द्वारा शिकायत की जांच में कुछ संदिग्ध तथ्य पाए गए हैं, जिसके चलते फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी। एसएचओ ने कहा कि उन्होंने एएसआई वीर चंद को इस केस की जांच तुरंत मुकम्मल करने के आदेश दिए हैं ताकि अगली कार्यवाही पूरी की जा सके।




एक वर्ष पहले दी शिकायत की प्रति दिखाता यूनस

थाना जीआरपी को दी थी बाइक चोरी की लिखित शिकायत, पुलिस के चक्कर काट रहा है यूनस