‘लाला जी के जीवन से प्रेरणा ले युवा’
भास्कर न्यूज - अबोहर -
नगर में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर लाला लाजपत राय का जन्मदिवस मनाया गया। पंजाबी सभ्याचार मंच की ओर से लाला लाजपत राय पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वक्ताओं ने लाला जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लाला लाजपत राय का जन्म पंजाब के मोगा जिले में हुआ था। वक्ताओं ने कहा कि उनकी कुर्बानी देश की आजादी के लिए बेमिसाल थी।
इस अवसर पर एसडीएम कार्यालय की सुरपटैंडट हरदीप कौर, गुरचरण सिंह गिल, डॉ. रमेश वर्मा, दर्शन लाल चुघ, देसराज कम्बोज, परमिंद्र सचदेवा, राद सदोष, मास्टर मुकंद सिंह आदि उपस्थित थे।इसके अलावा स्थानीय लोक सेवक मंडल की ओर से लाला लाजपत राय का जन्मदिन साहित्य सदन रोड पर स्थित राम भवन में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्यातिथि संदीप रिणवां व अशोक मुंजाल थे।
कार्यक्रम की शुरूआत हवनयज्ञ से की गई। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मऋषि मिशन स्कूल, जीनियस स्कूल, डिवाइन लाईट स्कूल के बच्चों ने चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक के उपमहाप्रबंधक जीएस गंडोक ने बैंक के संस्थापक एवं स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राए के जन्मदिवस पर स्वामी केशवानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित समारोह में संबोधन करते हुए कहा कि लाला जी के आदर्शों को अपनाते हुए उनके सपनों के भारत का निर्माण करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंनें कहा कि लाला जी ने कुछ सौ रुपए की लागत से पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना देशभक्ति की भावना से की। आज इस बैंक का कारोबार साढ़े 7 लाख करोड़ रुपए तक जा पहुंचा है और यह देश का अग्रणी बैंक बन चुका है। इस अवसर पर सुरेश बांसल, विजय आहूजा, हरकेश राघव, प्राचार्य अनुराग असीजा, पंजाबी सभ्याचार मंच के प्रधान गुरचरण सिंह गिल व लेखक परिषद के प्रधान राज सदोष मौजूद थे।
नगर में विभिन्न स्थानों पर लाला लाजपत राय का जन्मदिवस मना उनके जीवन पर प्रकाश डाला