- Hindi News
- विश्वस्तरीय बनेगा पंजाब का शैक्षणिक ढांचा : घुडिय़ाना
विश्वस्तरीय बनेगा पंजाब का शैक्षणिक ढांचा : घुडिय़ाना
भास्कर न्यूज - अबोहर।
पंजाब के शैक्षणिक ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने के लिए मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल ने खजाने के मुंह खोल रखे हैं। सूचना तकनीक के नए दौर में तमाम सरकारी स्कूल कम्प्यूटर शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। यह बात बल्लूआना के विधायक गुरतेज सिंह घुडिय़ाना ने गांव मलूकपुरा में नवनिर्मित सरकारी प्राइमरी स्कूल की इमारत का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने मुख्याध्यापक की सराहना की।
उन्होंने डेढ़ वर्ष के समय में 6 कमरों वाली शानदार इमारत अपनी निगरानी में बनवाई। विधायक ने कहा कि आने वाला समय सरकारी स्कूलों के बच्चों का है जो सुशिक्षित अध्यापकों से शिक्षा लेकर भविष्य के सुनहरे भारत के निर्माता बनने का गौरव हासिल करेंगे।
स्कूल की इमारत का उद्घाटन करने के बाद गांव के पंचायत घर में सरपंच छीना राम तथा मेंबर्स को विकास कार्यों के लिए 9 लाख के चेक भेंट किए। इस अवसर पर मुख्याध्यापक नीरज गांधी, सरपंच छीना राम के अलावा पूर्व सरपंच मलकीत सिंह, मेजर सिंह, सुखचैन सिंह, बिंद्र सिंह, केसर सहित गांव के गणमान्य लोग मौजूद थे।