- Hindi News
- शराब तस्करों को पकडऩे आई राजस्थान पुलिस बैरंग लौटी
शराब तस्करों को पकडऩे आई राजस्थान पुलिस बैरंग लौटी
भास्कर न्यूज - अबोहर
शराब तस्करी के मुकदमे में राजस्थान के भीलवाड़ा शहर की पुलिस की ओर से नामजद अबोहर के पिता-पुत्र की गिरफ्तारी के लिए एएसआई भंवर लाल की टीम को बैरंग लौटना पड़ा। मंगलवार को भीलवाड़ा से अबोहर पहुंची पुलिस पार्टी ने बाबा दीप सिंह नगर निवासी गौरव और उसके पिता पवन कुमार को गिरफ्तार करने के लिए यहां दबिश दी। पुलिस ने कुछ समय पहले पंजाब से गुजरात जा रहे शराब से भरे 10 ट्रक पकड़े थे। भीलवाड़ा पुलिस ने इस बारे में बाबा दीप सिंह नगर निवासी पिता-पुत्र को नामजद किया था। उल्लेखनीय है कि गुजरात स्टेट को वहां की सरकार ने ड्राई घोषित कर रखा है। ऐसे में वहां शराब की बिक्री पर पूर्णतया प्रतिबंध है। पंजाब से बड़ी मात्रा में शराब तस्करों द्वारा गुजरात में भेजी जाती है। राजस्थान से आई पुलिस पार्टी का कहना है कि पिता-पुत्र की गिरफ्तारी से बड़ा खुलासा हो सकता है।