- Hindi News
- उद्घाटन के बाद भी बरीवाला निवासियों को नसीब नहीं हुई पेयजल सप्लाई
उद्घाटन के बाद भी बरीवाला निवासियों को नसीब नहीं हुई पेयजल सप्लाई
इसे मंडी बरीवाला निवासियों की बदकिस्मती ही कहा जाएगा कि सीएम की ओर से वाटर वक्र्स का उद्घाटन करने के बाद भी पेयजल की सप्लाई शुरु नहीं हो पाई है। लोगों को आस थी कि उद्घाटन के उपरांत उन्हें सप्लाई मिल पाएगी। परंतु आज भी उनके घरों में लगे नलकों में से पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी। उधर, यदि संबंधित विभाग की बात को माने तो लोगों को आगामी एक सप्ताह से पहले पेयजल की सप्लाई मिलना मुनासिब नहीं दिखाई दे रहा है। क्योंकि विभाग अभी यह सुनिश्चित करने के प्रयास में है कि पेयजल सप्लाई शुरु करने पर पाइपें लीक तो नहीं करेंगी। गौर हो कि गत 17 सितंबर 2010 को सीएम बादल ने मंडी बरीवाला निवासियों को सौ फीसदी पेयजल, सीवरेज और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की सुविधा देने के लिए नींव पत्थर रखा था। इसके प्रोजेक्ट के अंतर्गत नया वाटर वक्र्स बना दिया गया। जबकि सीवरेज और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य अभी बीच अधर में है। वही वाटर वक्र्स बनाने के समय पहले क्षेत्र में पेयजल की सभी पाइपों को भी नया डालने का कार्यक्रम बनाया गया था। परंतु गत दिनों क्षेत्र में हुई भारी बरसात के उपरांत हुए जलभराव को देखते हुए पाइपें सीवरेज सिस्टम डालने के समय डाले जाने का कार्यक्रम बना दिया गया है। इस संबंध में सीवरेज विभाग के एसडीओ राकेश मोहन मक्कड़ का कहना था कि बरीवाला में पेयजल सप्लाई शुरु होने में एक सप्ताह लग सकता है। वाल्वों को खोलने के उपरांत पहले लीकेज की समस्या को देखा जाएगा। यदि लीकेज नहीं हुई तो क्षेत्र में सप्लाई शुरु करवा दी जाएगी।