- Hindi News
- बसंत फेस्ट में लोगों ने पतंगबाजी में आजमाए हाथ
बसंत फेस्ट में लोगों ने पतंगबाजी में आजमाए हाथ
भास्कर न्यूज - फिरोजपुर
शहीद भगत सिंह टेक्निकल कैंपस में बुधवार को बसंत फेस्ट 2014 का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न ट्रेडस के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पतंगबाजी में पेंच लड़ाए।
इस दौरान कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को चाइनीज डोर के खिलाफ जागरूक किया। पॉलिविंग प्रिंसिपल गजलप्रीत अरनेजा ने बताया कि पॉलिविंग की दो डिपार्टमेंट सोसायटियों एक्मे और अग्नि द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित बसंत फेस्ट 2014 का रस्मी उद्घाटन कैंपस डायरेक्टर डॉ. टीएस सिद्धू ने हवा में कबूतर एवं गुब्बारे छोड़कर किया। इसके बाद सरकार जगत सिंह आवला अकादमी के सिंहों ने गतके के करतब दिखाए।
कैंपस द्वारा मेले में आने वाले लोगों के लिए झूलों, खानपान के स्टॉल, मनोरंजन एवं खेलों का प्रबंध किया गया।
पतंगबाजी में आजमाए हाथ
पतंगबाजी के पहले सेशन में विद्यार्थियों के बीच मुकाबले हुए। इनमें ब्वॉयज में ईशान घई ने 22 पतंगें काटकर प्रथम, संदीप चोपड़ा ने 16 पतंगें काटकर दूसरा और सुनील ने 11 पतंगों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियां की पतंगबाजी में बबली ने 5 पतंगें काट पहला, तान्या ने 3 पतंगें काट दूसरा और जश्न व गुरप्रीत कौर ने 2-2 पतंगें काटकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों का जुनून देखकर कॉलेज स्टाफ ने पतंगबाजी के दूसरे सेशन में अपना हुनर दिखाया। मेल फैकल्टी में संजीव कुमार ने पहला, सुनील बहल और राहुल चोपड़ा ने दूसरा और अमरजीत ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पतंगबाजी में कटी पतंग को लुटकर लाने के लिए मेले में बेस्ट लुटकर का विशेष ईनाम रखा गया, जिसे गुरप्रीत सिंह ने अपने नाम किया। गुरप्रीत सिंह एसबीएस टेक्निकल कैंपस से कटी पतंग को करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित जेनेसिस डेंटल कॉलेज परिसर से लूटकर वापस लाया। बेस्ट खींचने का ईनाम रजनीश कुमार ने हासिल किया।
मनोरंजन भी, जागरुकता भी
मुख्यातिथि डॉ. टीएस सिद्धू ने सभी विजेताओं को इनाम वितरित किए। उन्होंने कहा कि कैंपस में हर त्यौहार को पूरे उत्साह से मनाया जाता है। सिद्धू ने बताया कि इन मुकाबलों में किसी पतंगबाज ने चाइना मेड अथवा प्लास्टिक डोर का इस्तेमाल नहीं किया। इन मुकाबलों में पॉलिविंग प्रिंसिपल गजलप्रीत अरनेजा, एक्मे इंचार्ज गोबिंद, अग्नि इंचार्ज राहुल शर्मा, एमएस बाजवा, पीआरओ बीएस मोही सहित सभी स्टॉफ सदस्य शामिल हुए।