- Hindi News
- पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग ले विद्यार्थी: एसडीएम
पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग ले विद्यार्थी: एसडीएम
भास्कर न्यूज - अबोहर
डीएवी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल का 42वां वार्षिक खेलकूद उत्सव वीरवार को स्कूल के खेल मैदान में हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह में प्रात:कालीन सत्र में एसडीएम चरणदीप सिंह थे।
समारोह के दौरान प्रिंसिपल कुसुम खुंगर, प्रबंधक विनीता सिंह, प्रिंसिपल एसके अरोड़ा, प्रिंसिपल आरके वधवा, सरोज मिगलानी, डा. सुशील, सुनीता सहगल, मंजू डोडा द्वारा मुख्यातिथि को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान एसडीएम ने कहा कि आज विद्यार्थी को सिर्फ पढ़ाई ही नहीं बल्कि खेल कूद में भी पूरी तन्मयता के साथ भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के इस प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थी को अपने हर कौशल में पांरगत होना होगा तभी वह इस प्रतिस्पर्धात्मक युग का सामना कर सकता है। एसडीएम ने विद्यार्थियों को जीवन में तीन एस स्टडी, स्पोट्र्स व स्लीप को ढालने की बात भी कहीं।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अपनी शिक्षा के बाद तीन डी अर्थात ड्यूटी, डेडीकेशन व डिवोशन को धारण करने की बात भी कहीं। समारोह में सेलिब्रेशन सांग, योगा शो व विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए म्यूजिकल चेयर रेस का आयोजन किया गया।
शाम के सत्र में एनसीसी के लेफ्टिनेंट अनुपिंदर सिंह मुख्यातिथि थे। अनुपिंदर सिंह द्वारा विजेता प्रतियोगियों को पुरस्कार वितरित किये गए। इस अवसर पर समृद्धि जैन व आर्यन श्रेष्ठ एथलीट चुने गए। सीनियर वर्ग में प्रेमलता व अजय श्रेष्ठ एथलीट चुने गए। शारीरिक शिक्षक राजेश भठेजा द्वारा विगत वर्ष की खेलों में उपलब्धियों संबंधी रिपोर्ट पढ़ी गई। सभी विजेताओं को कर्नल अनुपिंदर सिंह, प्रिंसिपल कुसुम खुंगर व अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।