स्कूल की इमारत का नींव पत्थर रखा
भास्कर न्यूज - अबोहर
पंजाब सरकार ने ग्राम पंचायत रहूडिय़ावाली की मांग पर नजदीकी ढाणियों के बच्चों के लिए सरकारी प्राइमरी स्कूल के निर्माण को मंजूरी देने के बाद बुधवार को विधायक गुरतेज सिंह घुडिय़ाना ने इमारत के निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाते हुए नींव पत्थर रखने की रस्म
अदा की।
16.50 लाख की लागत से बनाई जाने वाली स्कूल की इमारत के नींव पत्थर रखने के अवसर पर ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अधिकारी अशोक ढोसीवाल, गांव के सरपंच शंकर भाटी, पंचायत समिति के पूर्व चेयरमैन दविंदर मनु, रामकोट के सरपंच रविंदर श्योराण, समाजसेवक सुभाष बिश्नोई, अध्यापक भगवंत भठेजा समेत इलाके के गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि चकाचौंध वाले निजी स्कूलों की उपलब्धियों को अस्वीकार करते हुए गांव रूहियांवाली के लोगों द्वारा सरकारी स्कूल की मांग करना यह दर्शाता है कि लोगों का सरकारी स्कूलों की शिक्षा की ओर से रुझान बढ़ रहा है। इस मौके पर विधायक ने गांव को शहर से जोडऩे वाली लिंक सड़क का नाम शहीद सैनिक हरजिंदर सिंह धालीवाल के नाम पर रखा। विधायक ने गांव के दौरे के दौरान 9 लाख की लागत से गलियों-नालियों के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ करवाया।