शहीद शैताना राम की याद में हवन
अबोहर - 28 जनवरी को राजस्थान के गांव चेनपुरा में जीवों की रक्षा करते हुए शहीद हुए 25 वर्षीय युवक शैताना राम बिश्नोई को श्रद्धांजलि देने के लिए वीरवार को एक कार्यक्रम का आयोजन जीव रक्षा बिश्नोई शहीद स्मारक समिति व बिश्नोई समाज द्वारा बिश्नोई मंदिर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलदीप पूनियां ने की। इस दौरान हवन के बाद दो मिनट का मौन रखकर स्व. शैताना राम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उसकी आत्मिक शांति की प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि राजस्थान सरकार ने भी स्व. शैताना राम को शहीद करार देते हुए उसके परिजनों को 5 लाख रुपए का सहयोग देने व एक पारिवारिक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर शैताना राम ने शहीदी प्राप्त की है वहां पर जीव रक्षा बिश्नोई शहीद स्मारक समिति द्वारा शहीदी स्मारक बनाया जाएगा।