- Hindi News
- विकास कार्यों का प्रपोजल बनाकर दो सरकार से धन लाना मेरी जिम्मेदारी
विकास कार्यों का प्रपोजल बनाकर दो सरकार से धन लाना मेरी जिम्मेदारी
भास्कर न्यूज - अबोहर
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता चौ. सुनील जाखड़ ने अपने विधानसभा क्षेत्र अबोहर के स्लम एरिया में चंडीगढ़ से आए निकाय विभाग के चीफ इंजीनियर अजय कंवर, सीवरेज बोर्ड के एसडीओ हाकम सिंह, नगर परिषद के ईओ भूषण राणा के अलावा अधिकारियों की टीम के साथ दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ विमल ठठई, संजीव चाहर, मास्टर राम अवतार, अनिल कुमार डब्बू, मनोज जाटोलिया व बिल्लू समेत अनेक कांग्रेसी मौजूद थे।
जाखड़ ने कांग्रेसी पार्षदों सहित पहले नगर परिषद कार्यालय पहुंच कर सभी अधिकारियों से मीटिंग कर शहर में चल रहे सफाई कार्य व कमेटी द्वारा आगे किए जाने वाले कार्यों का ब्यौरा लिया। इस अवसर पर कार्यकारी अधिकारी ने कमेटी के ताजा हालातों के बारे जानकारी दी और सीवरेज बोर्ड के कार्यकारी अधिकारी ने सीवरेज संबंधी चल रहे कार्यों बारे विस्तार से बताया।
जाखड़ ने अधिकारियों से शहर निवासियों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए आ रही फंड की कमी के बारे रिपोर्ट बना देने की हिदायत दी, ताकि पंजाब सरकार से जारी करवाया जा सके। जाखड़ ने अधिकारियों के साथ समस्याग्रस्त इंदिरा नगरी, सरकुलर रोड़, घंटाघर चौक, मेन बाजार, नेहरू पार्क रोड, ठाकर आबादी, रामदेव नगर, आर्य नगर, नई आबादी गली न. 1 व सिद्धू नगरी का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुन और गलियों में सफाई व सीवरेज संबंधी लोगों की शिकायतों को एक सप्ताह के अंदर हल करने की हिदायत दी। जाखड़ ने अधिकारियों को कहा कि वह विकास कार्यों के लिए प्रपोजल बनाकर दें। सरकार से धन लेकर आना मेरी जिम्मेवारी है।