पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गुंडाराज, असामाजिक तत्वों को नहीं पुलिस का खौफ

गुंडाराज, असामाजिक तत्वों को नहीं पुलिस का खौफ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - अबोहर
नशे की तस्करी को रोकने का दावा करने वाली पंजाब पुलिस राजस्थान व पाकिस्तान की सीमा में सटे अबोहर में गुंडातत्व के आगे आत्मसमर्पण करती नजर आ रही है। बीते एक सप्ताह की घटनाओं को देखा जाए तो ऐसा लगता है कि अबोहर में कानून का नहीं गुंडो का राज है। अगर यह कह दे कि खाकी का खौफ गुंडातत्व में रत्ती भर नहीं है। एक पखवाड़े में पिस्तौल की दो वारदातों में से एक का सीसीटीवी फुटेज हाथ लगने पर भी पुलिस अभी तक लुटेरों को पकडऩे में नाकामयाब रहीं है।
मोबाइल छीनने की दो-तीन घटनाओं में उपमंडल पुलिस ने एफआईआर तक दर्ज नहीं की। वीरवार दोपहर श्रीगंगानगर रोड पर रेलवे फाटक के नजदीक सरेआम हुई गुंडागर्दी में तीन युवकों को घायल कर दिया। सरेआम गुंडागर्दी के दौरान एक कार का शीशा तोड़ दिया गया। गुंडागर्दी की इस घटना से भयभीत आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिराकर इधर-उधर हो गए। मजेदार बात ये रही कि जब तक मारपीट करने वाले दबंग अपना काम निपटाकर आराम से चले गए तब जाकर पुलिस का डंडादारी जवान घटनास्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहुंचे। सरेआम गुंडागर्दी करने वालों की पहचान बताए जाने के बावजूद देर शाम तक पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की। दोपहर हुई मारपीट की घटना में जख्मी होकर सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे अशोक पुत्र बलवंत निवासी आर्य नगर, अमित पुत्र हाकम व नीलू पुत्र बंसी लाल ने बताया कि उनके रिश्तेदार का गत रोज पिकअप यूनियन के प्रधान के साथ झगड़ा हुआ था। आज बदले की भावना से प्रधान तथा उसके कुछ साथियों ने उन पर हमला करके जख्मी कर दिया। बार-बार पुलिस को सूचना देने के बावजूद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। हालांकि दूसरी ओर पिकअप यूनियन से जुड़े लोग एकतरफा कार्यवाही को नकारते हुए घायल लोगों पर भी मारपीट का आरोप लगा रहे है। सिटी-2 के एएसआई पवन कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और पिकअप यूनियन में पहुंचकर वहां के एक कर्मचारी के बयान कलमबद्ध किए और कार को कब्जे में ले लिया।