- Hindi News
- आरटीआई को भी ठेंगा दिखा रहा है कैंट बोर्ड
आरटीआई को भी ठेंगा दिखा रहा है कैंट बोर्ड
भास्कर न्यूज - फिरोजपुर
केंद्र सरकार के अधीन काम करने वाला कैंट बोर्ड प्रशासन खुद आरटीआई एक्ट को ठेंगा दिखा रहा है। वेद प्रकाश पुत्र ओम प्रकाश निवासी मकान नंबर 78-ए, बाजार नंबर 3, फिरोजपुर कैंट द्वारा सीवरेज सिस्टम डालने संबंधी चार माह पहले मांगी गई जानकारी बोर्ड प्रशासन द्वारा आज तक उसे उपलब्ध नहीं करवाई गई।
एक माह बाद मांगी फीस : वेद प्रकाश ने बताया कि उसने आरटीआई के तहत 3 सितम्बर 2013 को छावनी परिषद कार्यालय केन्द्रीय पब्लिक इन्फॉरमेशन अधिकारी-कम-कार्यालय सुपरिटेडेंट सोहन सिंह को अपना आवेदन दिया था। उसने आरोप लगाए कि कार्यालय द्वारा आरटीआई का जवाब देने के निर्धारित समय एक माह के भीतर उसे कोई जानकारी तो क्या प्रदान करनी थी, बल्कि उन दस्तावेजों की कॉपियां देने के एवज में 2498 रुपए फीस की मांग की गई।
आवेदक ने 21 अक्टूबर 2013 को कैंट बोर्ड कार्यालय द्वारा मांगी गई फीस देने से यह कहकर इनकार कर दिया कि उसके द्वारा मांगी सूचना बोर्ड द्वारा उसे 30 दिन के भीतर उपलब्ध करवानी थी लेकिन इसमें असफल रहने के पश्चात कार्यालय द्वारा जानबूझ कर उसे परेशान करने के लिए फीस की मांग की जा रही है।
प्रथम अथॉरिटी भी रही असफल वेद प्रकाश ने जानकारी ना मिलने के चलते 11 नवम्बर 2013 को कैंट बोर्ड लोक सूचना अधिकारी-कम-प्रथम अथॉरिटी सीईओ जी. विजया भास्कर को पत्र लिख जानकारी मुहैया ना करवाने की सूचना दी। लेकिन आवेदक द्वारा मांगी गई सूचना देने में प्रथम अथॉरिटी भी असफल रही। न्याय ना मिलता देख आवेदक ने 27 जनवरी को दूसरी अथॉरिटी-कम-चीफ इन्फॉरमेशन कमिश्रर नई दिल्ली को पत्र भेजकर जहां अपने द्वारा मांगी सूचना तुरंत उपलब्ध करवाने की गुहार लगाई है।