विजिलेंस ने की नगर सुधार ट्रस्ट में रेड
भास्कर न्यूज - राजपुरा
नगर सुधार ट्रस्ट के अधिकारियों पर ठेकेदार ने पेमेंट करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है।शिकायत मिलने पर चीफ विजिलेंस अधिकारी ने टीम के साथ ट्रस्ट की चेकिंग की। छापेमारी के दौरान शिव ओम कांप्लेक्स में निरीक्षण करने के अलावा अधिकारियों के बयान दर्ज किए।
ठेकेदार ने अधिकारियों की ओर से अदायगी न किए जाने के कारण पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में दायर की थी याचिका
जांच के आदेश दिए
विभागीय सेक्रेटरी ने शिकायत मिलने के बाद चीफ विजिलेंस अधिकारी से जांच के आदेश दिए। चीफ विजिलेंस अफसर वीपी सिंह अपनी टीम के साथ जांच करने के लिए राजपुरा पहुंचे। और ट्रस्ट कार्यालय जाने से पूर्व शिव ओम कांप्लेक्स का निरीक्षण किया। बताया जाता है कि ठेकेदार ने अधिकारियों की ओर से अदायगी नहीं किए जाने के कारण पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी। विजिलैंस ने ट्रस्ट के अधिकारियों के बयान दर्ज करने के साथ साथ विभागीय रिकॉर्ड भी चेक किए। उन्होंने बताया कि एक हफ्ते के अंदर सरकार को रिपोर्ट दे दी जाएगी।
कुछ महीने पूर्व नगर सुधार ट्रस्ट ने राजपुरा के शिव ओम कांप्लेक्स में ठेकेदार से लाखों रुपए के काम कराए थे।ठेकेदार ने विभागीय सेक्रेटरी और चीफ विजिलेंस अफसर से शिकायत की थी कि बार- बार निवेदन करने के बावजूद ट्रस्ट अधिकारियों ने अदायगी नहीं की।बिल तैयार होने के बाद अदायगी को लेकर परेशान किया जा रहा है। ट्रस्ट अधिकारी अदायगी करने के लिए रिश्वत मांग रहे हैं और ट्रस्ट कार्यालय में काम करने वाले कांट्रैक्ट बेस कर्मचारियों को वेतन देने के नाम पर परेशान किया जाता है।
अदायगी नहीं की