- Hindi News
- जांच में डॉक्टर बोले, कार्डइल अरेस्ट से परमिंदर कौर की मौत
जांच में डॉक्टर बोले, कार्डइल अरेस्ट से परमिंदर कौर की मौत
भास्कर न्यूज - फतेहगढ़ साहिब/बस्सी पठानां
डिलवरी के दौरान नंदपुर कलौड़ के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में मृत गांव रैलों निवासी परमिंद्र कौर का मंगलवार को सिविल अस्पताल बसी में तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया।
भले ही शव परिजनों को सौंप दिया गया, पर परमिंद्र के परिजनों का आरोप है कि उसकी मौत डॉक्टरों की लापरवाही से हुई है। डॉक्टर एसोसिएशन ने कहा कि महिला की मौत में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं हुई है। असलियत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगी।
डॉक्टरों ने भी किया प्रदर्शन
नंदपुर कलौड़ के एसएमओ डॉक्टर राजेन्द्र कुमार को लोगों ने जबरन कमरे में बंद कर दिया। एसएमओ की गिरफ्तारी के विरोध में सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब के डॉक्टरों ने सेवाएं ठप कर प्रदर्शन किया।
डॉक्टर एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. एमएस वालिया, डॉ. कर्मजीत सिंह, डॉ. सतनाम बांगा ने पत्रकारों को बताया कि डिलवरी के दौरान लापरवाही नहीं हुई थी। पुलिस का बिना जांच के एसएमओ को गिरफ्तार करना उचित नहीं है। डॉक्टरों ने कहा कि प्राथमिक जांच में महिला की मृत्यु कार्डइल अरेस्ट हुई है। सिविल सर्जन डॉ. नीलम भारद्वाज ने मामले की जांच करवाने तथा एसएमओ की तुरंत रिहाई का आश्वासन देकर डॉक्टरों को ड्यूटी पर भेजा। डीसी अरुण सेखड़ी ने नंदपुर कलौड़ में भीड़ के सरकारी जायदाद को नुकसान पहुंचाने तथा अमन कानून कायम रखने के लिए बसी सब डिवीजन में धारा 144 लगाने का आदेश जारी किया है।
कुछ लोग घायल भी हुए थे
नंदपुर कलौड़ के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में डिलवरी के लिए पहुंची परमिंद्र कौर की मौत पर उसके परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। भीड़ ने अस्पताल में नारेबाजी की और तोड़ फोड़ कर गाडिय़ों को नुकसान पहुंचाया। एसएमओ डॉक्टर राजेन्द्र कुमार को जबरन कमरे में बंद कर दिया। भीड़ ने इस दौरान पुलिस पर पथराव किया। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस को फायर करने पड़े। पत्थरबाजी में कुछ लोग घायल भी हो गए।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
परमिंद्र कौर की मौत के बाद मामले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। सहायक थानेदार बख्शीश सिंह ने बताया कि एसएमओ डॉक्टर राजेन्द्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उनको 100 से अधिक लोगों ने कमरे में बंद किया, अस्पताल स्टाफ से मारपीट तथा सरकारी जायदाद को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
दिल की धड़कन अचानक होती बंद
कार्डइल अरेस्ट में दिल की धड़कन अचानक से बंद हो जाती है। इसमें बचने की संभावना बिल्कुल नहीं होती है। जबकि हार्टअटैक के बाद कई बार लोग बच भी जाते हैं।
अस्पताल में प्रदर्शनकारियों को रोकते पुलिस।
सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में रोष प्रदर्शन करते डॉक्टर।