- Hindi News
- वाल्मीकि सभा की प्रधानगी को लेकर भिड़े दो गुट
वाल्मीकि सभा की प्रधानगी को लेकर भिड़े दो गुट
भास्कर न्यूज - मोगा
वाल्मीकि समुदाय में अध्यक्षता को लेकर सभा के दो गुट एक दूसरे के सामने हो गए। मंगलवार की दोपहर नगर निगम में हुई झड़प के बाद देर रात फिर से हाथा पाई हुई और तोड़ फोड़ की गई। इस पूरे घटनाक्रम में एक व्यक्ति गंभीर घायल हुआ है जिसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
पुलिस ने हरदेव सिंह, जोगा सिंह और मनोज कुमार व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। वाल्मीकि समाज के अशोक सफरी, अरुण बोहत और नरेश डुलगच आदि ने डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंप जांच की मांग की है। वाल्मीकि समुदाय के लोगों में अध्यक्षता को लेकर काफी समय से तनाव चलता आ रहा है। यही लोग नगर निगम में सफाई सेवक और दूसरे कई पदों पर काम कर रहे हैं और सफाई सेवक यूनियन भी चलाते हैं। डिप्टी कमिश्नर को मिले लोगों ने बताया है कि वाल्मीकि सभा के सफाई सेवक यूनियन की अध्यक्षता को लेकर काफी समय से तनाव चल रहा है और कई बार झगड़े भी हो चुके हैं। मंगलवार को भी झगड़ा हुआ था और इस दौरान उनके साथियों से मारपीट की गई थी।
रात के समय भी कुछ लोग रेगर बस्ती की गली नंबर 2 में आए और उनके साथियों पर हमला कर दिया। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई है और उनका साथी सुखदेव कुमार घायल हुआ है। पुलिस ने सुखदेव कुमार के बयान पर हरदेव सिंह, जोगा सिंह, मनोज कुमार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। डिप्टी कमिश्नर ने इस मामले की गंभीरता से जांच करने के लिए एसएसपी कमलजीत सिंह ढिल्लों को कहा है। मंगलवार को हुई घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है और यह विवाद आगे कभी भी बढ़ सकता है।