- Hindi News
- सड़क दुर्घटना में महिला समेत दो लोगों की मौत
सड़क दुर्घटना में महिला समेत दो लोगों की मौत
भास्कर न्यूज - संगरूर
दो विभिन्न सड़क हादसों में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
धूरी सिटी पुलिस स्टेशन में दीदारगढ़ निवासी गगनदीप सिंह की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि वह अपनी माता के साथ स्कूटर पर गांव दीदारगढ़ से भडी़ मानसा जा रहा था। जब वह शेरपुर चौक ओवरब्रिज के ऊपर पहुंचा तो मालेरकोटला बाइपास की ओर मुड़ते समय पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बड़ी तेज व लापरवाही से स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह सड़क पर गिर गए और ट्रक का टायर उसकी माता के सिर से गुजर गया। इससे उसकी माता की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर ट्रक को घटनास्थल पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दूसरे मामले में थाना छाजली में महिला निवासी जतिंदरपाल सिंह की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि गत सांय करीब 6 बजे उसके पिता प्रितपाल सिंह गांव महिलां से बाहर अपने मोटरसाइकिल में पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर सड़क पर आ रहे थे कि सड़क पर तेज रफ्तार से आ रही कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे पिता प्रितपाल सिंह सड़क पर गिर गए। ऐसे में एक ट्राला पिता प्रितपाल सिंह के ऊपर से गुजर गया। हादसे में प्रितपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए हैं।