- Hindi News
- ट्रैक्टर की चपेट में आए दो मौसेरे भाईयों ने तोड़ा दम, चालक मौके से फरार
ट्रैक्टर की चपेट में आए दो मौसेरे भाईयों ने तोड़ा दम, चालक मौके से फरार
भास्कर न्यूज - मोगा
कस्बा धर्मकोट के अधीन गांव अम्मीवाला के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आए दो मौसेरे भाईयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेने उपरांत अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुहरसहाय ((फिरोजपुर)) के गांव हड्डीवाला निवासी 17 वर्षीय सुखवंत सिंह पुत्र लाल सिंह की बहन की शादी 7 फरवरी को होनी निश्चित हुई थी। जिसके चलते वह कस्बा धर्मकोट के गांव सिरसड़ी में रहती अपनी मौसी को शादी का कार्ड देने के लिए शनिवार की रात्रि उनके घर पहुंचा था।
रविवार की सुबह नजदीकी गांव अम्मीवाला व अन्य गांवों में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को शादी समारोह के कार्ड बांटने के लिए अपने मौसेरे भाई बलवीर सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह के मोटर साइकिल पर जा रहा था।
जैसे ही दोनों गांव अम्मीवाला के नजदीक पहुंचे तो विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्राली ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दोनों भाईयों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना धर्मकोट के एएसआई मेजर सिंह ने रविवार को मृतकों के परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से दोनों मृतकों के शवों का सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाने उपरांत शवों को वारिसों को सौंप दिया गया। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि वह अपनी बहन की शादी को लेकर काफी उत्साहित था। वह कहता था कि मैं अपने बहन की शादी खूब धूमधाम से करूंगा। ((संदीप))