- Hindi News
- सीवरेज की बदहाली से भड़के शहरवासियों ने किया प्रदर्शन
सीवरेज की बदहाली से भड़के शहरवासियों ने किया प्रदर्शन
भास्कर न्यूज - संगरूर
शहर में सीवरेज की बदहाली का दंश झेल रहे शहर के बाशिंदों का मंगलवार को सब्र का बांध टूट गया। भड़के शहरवासियों ने मंगलवार की सुबह कोला पार्क के बाहर मुख्य सड़क पर धरना देकर ट्रांसपोर्ट बाधित कर दिया। आरोप है कि नगर कौंसिल सीवरेज व्यवस्था को सुचारू बनाने में नाकाम हुई है। जिससे पूरे शहर का सीवरेज सिस्टम ठप पडऩे लगा है। उधर, ट्रांसपोर्ट ठप होते देख आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर लोगों ने बात की। समस्या के समाधान के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम को खोल दिया।
शहर में करीब 35 वर्ष पहले सीवरेज लाइनों को डाला गया था। जिसके बाद सीवरेज की लाइनों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मौजूदा समय में शहर का सीवरेज सिस्टम की कैपेसिटी ओवरफ्लो हो चुकी है। देख रेख के अभाव और वर्षों पुरानी सीवरेज लाइनें होने के कारण कई स्थानों पर लाइन ठप पड़ चुकी है।
मंगलवार को प्रेम बस्ती और फ्रेंड्स कॉलोनी में बार-बार सीवरेज ओवर फ्लो होने से कॉलोनी के लोग सड़क पर आ गए। जमा हुए लोगों ने मुख्य सड़क पर धरना देकर नगर कौंसिल के विरुद्ध नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल अमरजीत सिंह, सुरिन्द्र कुमार, रोहित गुप्ता, अमन, सोनू ने बताया कि प्रेम बस्ती और फ्रेंड्स कॉलोनी में सीवरेज ओवर फ्लो होने की पिछले चार वर्षों से समस्या आ रही है। सड़क जाम होते देख तहसीलदार कुलदीप सिंह मौके पर पह़ुंचे। नगर कौंसिल की टीम भी पहुंच गई। तहसीलदार कुलदीप सिंह ने हालात का जायजा लेकर लोगों को समस्या के समाधान किए जाने का भरोसा दिया। नगर कौंसिल के सेनेटरी इंस्पेक्टर को निर्देश दिए गए कि सीवरेज लाईन की सफाई कर पानी की निकासी का प्रबंध किया जाए।
चहेतों पर मेहरबान नगर कौंसिल : शहर में सीवरेज की मेनटेनेंस का कार्य सीवरेज बोर्ड की ओर से देखा जाता था परंतु शहर के बाशिंदों की मानें तो नगर कौंसिल अपने चहेतों को इसका लाभ पहुंचाने के लिए वर्ष 2009 में मेनटेनेंस का काम अपने हाथों में लेकर बाद में ठेके पर दे दिया था।
सीवरेज सफाई की एक मशीन चोरी : नगर कौंसिल की ओर से सीवरेज की देखभाल और इसके लिए तैनात कर्मचारियों के वेतन पर प्रति वर्ष करीब 10 लाख रुपए खर्च किए जाते हैं। यही नहीं नगर कौंसिल ने करीब दो वर्ष पहले 4 लाख रुपए खर्च कर दो सीवरेज सफाई की मशीनों को खरीदा था जिसमें एक मशीन को अभी काम में नहीं लिया गया था कि किसी ने उसे चोरी कर लिया।
यहां अक्सर रहता है सीवरेज जाम : शहर में जेपी नगर, रणजीत बस्ती, मुबारक महल, दशमेश एनक्लेव, राम नगर, पूनिया कॉलोनी, प्रेम बस्ती, क्लब रोड आदि स्थानों पर अक्सर सीवरेज की लाईन जाम पड़ जाती है। जेपी नगर से लेकर शहीद भगत सिंह चौक तक तो सीवरेज की लाईन डैमेज हो चुकी है जिसे नए सिरे से डाला जाना जरूरी है।
यहां नहीं हैं सीवरेज लाइनें : शहर के रेलवे क्रासिंग के दूसरी तरफ, राम नगर, अजीत नगर, गंगा राम बस्ती, बगुयाना बस्ती, प्रीत नगर, महिलां रोड के कई क्षेत्रों में सीवरेज लाईन की व्यवस्था पहुंच ही नहीं पाई है।