- Hindi News
- भुलत्थवासी बोले : बीस साल बाद भी नहीं बनी दीवानी अदालत
भुलत्थवासी बोले : बीस साल बाद भी नहीं बनी दीवानी अदालत
भास्कर न्यूज - बेगोवाल
सब डिवीजन भुलत्थ के अस्तित्व में आए 20 वर्ष हो गए है, बावजूद इसके अभी तक यहां दीवानी अदालत नहीं बनी है। वर्ष 1977 में प्रमुख कस्बे भुलत्थ के नाम पर विधानसभा क्षेत्र के तौर पर प्रसिद्ध हुआ।
1994 में पूर्व मंत्री जगतार सिंह मुल्तानी ने तहसील पर सब डिवीजन बनाया था। उस समय उम्मीद बंधी थी कि अब दीवानी अदालत भी बनेगी। जहां दो न्यायधीश बैठेंगे। लोगों को 20-25 किलोमीटर दूर कपूरथला के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लेकिन लोगों की उम्मीद अभी तक पूरी नहीं हो सकी। वर्ष 2012 में अकाली नेत्री व विधायक जागीर कौर की ओर से सब डिवीजन में आधुनिक सुविधाओं से लैंस कांप्लेक्स बनाया गया था। जिसमें एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सुविधा केंद्र, फर्द केंद्र, पटवारखाना, अर्जी नवीस बैठ कर कार्य करते हैं। उस समय उद्घाटन करने आए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा था कि जल्द ही अदालत का गठन किया जाएगा। परंतु 2 वर्ष बीत चुके है लेकिन इस और कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस समय कपूरथला जिले की 4 सब डिवीजन में तीन कपूरथला, फगवाड़ा व सुल्तानपुर लोधी में दीवानी अदालत कार्य कर रही है। कपूरथला जिला अदालत में सबसे अधिक करीब 6 हजार मुकदमे सब डिवीजन भुलत्थ के साथ संबंधित लोगों के है। करीब एक दर्जन वकील इस एरिया के कपूरथला में कार्य करते हैं। जबकि इस समय सब डिवीजन का पहला कांप्लैक्स खाली है। जहां जजों के बैठने के लिए स्थान भी मौजूद है। इस संबंध में पार्षद संगत सिंह, सूरत सिंह, सर्बजीत सिंह, बलबीर सिंह और डा. आशा सिंह ने मांग की कि भुलत्थ में लोगों की समस्याओं को देखते हुए सब दीवानी अदालत का गठन किया जाए।
तहसीलदार आफिस कार्यालय।