- Hindi News
- बेटी दोहते के नाम सुसाइड नोट लिख सेल्स प्रभारी ने सल्फास निगल लिया
बेटी-दोहते के नाम सुसाइड नोट लिख सेल्स प्रभारी ने सल्फास निगल लिया
भास्कर न्यूज - होशियारपुर
मोहल्ला रामगढ़ में किराए के मकान में रहते यशपाल शर्मा ने सोमवार देर रात सल्फास की गोलियां निगल कर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय लगा जब उसकी बेटी रजनी उर्फ रिंकी ने यशपाल के मोबाइल पर कॉल की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। उसके पिता जहां काम करते थे, उन्हें सूचना दी। वह घर पहुंचे तो उन्हें यशपाल का शव पड़ा मिला।
यशपाल एक कार्बन फैक्टरी में सेल्स प्रभारी था। पास ही एक सुसाइड नोट था, जो उसने बेटी और पोते गौतम के नाम लिखा था। पोते को बेटा संबोधित करते हुए लिखा- मेरा संस्कार करके अस्थियां हरिद्वार में प्रवाहित की जाएं। घटना का पता चलते ही डीएसपी सिटी दिग्विजय कपिल, थाना मॉडल टाउन के प्रभारी लखवीर सिंह पुलिस पार्टी सहित पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने यशपाल की पत्नी के बयान पर 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। मकान मालकिन ऊषा कुमारी के भाई बाल कृष्ण ने बताया कि उसकी बहन शिमला में विवाहित है और वहीं रहती है। इस घर
की देखभाल की जिम्मेदारी उसे सौंपी गई है। छह वर्ष पहले उसने यशपाल शर्मा को घर किराए पर दिया था। यशपाल और उसकी पत्नी रेशमा यहां रहती थीं। यशपाल के दो बेटे थे जिनका निधन हो चुका है। यशपाल को इसका बहुत धक्का लगा था। उसकी एक लड़की रिंगी चंडीगढ़ में शादीशुदा है। दामाद का नाम गौतम है।
कार्बन फैक्ट्री के मालिक अमित जैन ने बताया कि यशपाल शर्मा उनकी कंपनी के सेल्स प्रभारी के पद पर कार्यरत था। पिछले तीन दिन से वह फैक्टरी में नहीं आ रहा था।