पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गड्ढे में पानी भरने से एक और मकान की दीवार गिरी, दूसरों में दरारें आईं

गड्ढे में पानी भरने से एक और मकान की दीवार गिरी, दूसरों में दरारें आईं

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बलाचौर
भद्दी मार्ग पर बाबा बलराज यूनिवर्सिटी कालेज की बाउंडरी वाल के लिए खोदे गड्ढे में बरसात का पानी भरने से रिहायशी क्षेत्र में रहने वाले लोगों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार की सुबह एक और मकान की दीवार गिर गई। इस पर पीडि़त लोगों ने ठेकेदार और संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
उधर, पीडि़तों का हाल जानने के लिए एसडीएम नयन जस्सल, पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन बलविंदर सिंह, ठेकेदार हनी और नगर परिषद अध्यक्ष रणदीप कौशल मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को पीडि़तों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए मुआवजे की मांग की। पीडि़त महिला उर्मिला ने एसडीएम नयन जस्सल के माध्यम से सरकार से मुआवजे की मांग की है। महिला ने कहा कि उसके घर की दीवार गिरने से लैंटर व घर की अन्य दीवारों में भी दरारें पड़ चुकी हैं। पीडि़ता कमला व जसविंदर कौर ने कहा कि उनके घरों का आधे से ज्यादा समान खराब हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि उन्हें दोबारा मकान बनाकर दिए जाएं। क्योंकि मकान की नींव में पानी इस कदर घुस चुका है कि मकान कभी भी गिर सकते हैं। बच्चे तो डर के कारण मकानों के अंदर जाने से भी डरते हैं। इसी डर के चलते वे वीरवार रात को एक किराये के मकान में शिफ्ट हो गए हैं।
इस मौके पर मौजूद नगर परिषद अध्यक्ष रणदीप कौशल व पार्षद लाल बहादुर गांधी ने कहा कि पीडि़तों को इंसाफ दिलाया जाएगा। वहीं ठेकेदार हनी ने कहा कि लोगों के मकान गिरने का उन्हें दुख है। जल्द से जल्द गिरें हुए घरों की रिपेयर करवाई जाएगी। एक्सईएन बलविंदर सिंह ने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ तरसेम सिंह व बलविंदर सिंह की ओर से वीरवार रात करीब 9 बजे घरों के लैंटर गिरने के बचाने के लिए बल्लियां लगवाई गई हैं, जबकि ठेकेदार द्वारा दीवारों को बनवाने के लिए मजदूर लगा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दिन-रात एक करके मकानों की रिपेयर करवाई जाएगी।