नवांशहर में 7741 नए मतदाता बने
बलाचौर - जिला चुनाव अधिकारी कम डीसी आनंदिता मित्रा ने कहा है कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य देश के युवाओं को उनके वोट के अधिकार के प्रति चेतन करना है, ताकि लोकतंत्र के अमल में उनकी भागीदारी को यकीनी बनाया जा सके। वे गांव रैलमाजरा के रायत एंड बाहरा कैंपस में जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में संशोधन के दौरान 25 वर्ष तक की आयु वर्ग और खासतौर पर 18 व 19 वर्ष के युवाओं को वोटर रजिस्टर्ड करवाने की प्रेरणा दी जाती है। इस मौके पर उन्होंने बताया कि जिले में 1 जनवरी 2014 को आधार मानकर हुए संशोधन में 7741 नए वोटर दर्ज किए गए हैं।
इस मौके पर उन्होंने 15 युवाओं को फोटो पहचान पत्र देकर और बैज लगाकर सम्मानित किया। इस दौरान वोटर सूचियों में संशोधन के काम में अच्छा प्रदर्शन करने वाले एसडीएम बलाचौर डा. नयन जस्सल, आरके आर्य की नोडल अधिकारी डा. रेनु कारा और रैलमाजरा की बूथ लैवल अधिकारी नम्रता देवी को विशेषतौर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चुनाव तहसीलदार हरदीप सिंह, डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रोफेसर पी थरेजा ने अपने विचार रखे, जबकि डीईओ करतार सिंह, तहसीलदार बलाचौर गुरचरण सिंह, चुनाव कानूनगो विवेक, रयात बाहड़ा स्कूल की प्रिंसिपल बिंदू शर्मा मौजूद रहे।
इससे पूर्व जिला स्तरीय प्रतियोगितायों के विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया।