- Hindi News
- सिविल अस्पतालों में जल्द दूर होगी गायनी डाक्टरों की कमी
सिविल अस्पतालों में जल्द दूर होगी गायनी डाक्टरों की कमी
भास्कर न्यूज - नवांशहर
पंजाब हेल्थ मिशन कार्पोरेशन/राष्ट्रीय हेल्थ मिशन ((पंजाब)) के मिशन डायरेक्टर हुस्न लाल ने कहा कि प्रदेश में लगभग सभी सरकारी अस्पतालों में पेश आ रही गायनी डाक्टरों की कमी जल्द पूरी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 60 फीसदी कोटे के तहत पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले डाक्टरों की ओर से सरकार के साथ पढ़ाई पूरी करने के पहले 5 वर्ष तक सरकारी अस्पतालों में सेवा देने का बाउंड भरा गया है। इसके चलते पीजी क्लास खत्म होने के बाद प्रदेश में गायनी डाक्टरों की कमी पूरी होने की संभावना है। वे यहां सिविल अस्पताल में किए गए औचक दौरे के बाद पत्रकारों के साथ चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल नवांशहर में मौजूदा समय में एक गायनी डाक्टर कार्यरत है। आने वाले समय में अस्पताल के लिए सैंक्शन की गईं तीनों सीटें भर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी तरह संजीदा है कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में पेश आ रही डाक्टरों की कमी को पूरा किया जाए, जिसके तहत हर माह वाक-इन-इंटरव्यू रखी गई है।
इंटरव्यू में जो भी डाक्टर रिक्वायरमेंट पूरी करते हैं, उन्हें भर्ती किया जाता है। इससे पूर्व उन्होंने सिविल अस्पताल का मेडिसन रिकार्ड चैक किया व नेशनल मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं देने वाली मोबाइल वैन की भी जांच की। उन्होंने सिविल सर्जन से अस्पताल व मोबाइल वैन के प्रबंधन के संबंध में जानकारी हासिल की। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. धर्मपाल, डा. हरविंदर सिंह, डा. गुलजार चंद व अन्य स्वास्थ अधिकारी/स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।