- Hindi News
- किसान अड़े, रास्ता नहीं देंगे डीसी बोंली ज्यादातर लोग साथ
किसान अड़े, रास्ता नहीं देंगे डीसी बोंली ज्यादातर लोग साथ
भास्कर न्यूज - नवांशहर
बरनाला कलां में नए बने सिविल अस्पताल तक पहुंचने वाली सड़क के निर्माण को लेकर स्थिति तकरारपूर्ण होती जा रही है। जहां प्रशासन ने इस रास्ते पर सड़क निर्माण की तैयारी कर ली है, वहीं किसानों ने उजाड़ा रोकू संघर्ष कमेटी बनाकर विरोध करने का मन बना लिया है। मंगलवार की सुबह किसानों ने डीसी से मुलाकात कर दोनों तरफ से जमीन एक्वायर करने और उचित मूल्य दिए जाने की मांग की। दूसरी ओर डीसी आनंदिता मित्रा का कहना है कि सड़क तय योजना अनुसार ही बनाई जाएगी। देर शाम तक मामले का हल न निकलता देख किसानों ने 30 जनवरी को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय के सामने धरना देने का फैसला किया है।
एक समान हो जमीन एक्वायर. किरती किसान यूनियन के नेता हरमेश ंिसंह ढेसी, सुरिंदर सिंह बैंस, अवतार सिंह कट्ट, रामजी दास सनावा और डेमोक्रेटिक लायर्ज संगठन पंजाब के कन्वीनर एडवोकेट दलजीत सिंह की अगुवाई में जमीन मालिक निर्मल सिंह, दर्शन सिंह, सुरिंदर कौर, गुरदेव कौर, नरिंदर कौर, जसवंत कौर, गुरप्रीत सिंह, सुरजीत सिंह, संतोख सिंह, जगतार सिंह, बलवीर सिंह उसमानपुरी ((गांव बरनाला कलां और जेठू मजारा के रहने वाले)) ने डीसी से बात की। उन्होंने कहा कि डीसी को बताया गया है कि पूर्व समय में एसडीएम के साथ हुई बैठक में यह तय हुआ था कि चंडीगढ़ रोड से अस्पताल तक जाने वाले 2 करम ((11 फुट)) चौड़े रास्ते को और 60 फुट तक चौड़ा करने के लिए मौजूदा रास्ते के दोनों तरफ एक समान जमीन एक्वायर की जाएगी, लेकिन अब प्रशासन केवल एक तरफ ही 9 करम ((करीब 50 फुट)) जमीन एक्वायर कर रहा है। इतना ही नहीं उन्हें मार्किट रेट के हिसाब से जमीन की कीमत भी नहीं दी जा रही। जब इस संबंध में उन्हें प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा नहीं मिला तो मंगलवार शाम को जमीन मालिकों ने संघर्ष के लिए उजाड़ा रोकू संघर्ष कमेटी का गठन किया।
नए अस्पताल के पास की गई बैठक की जानकारी देते हुए किरती किसान यूनियन के नेता हरमेश सिंह ढेसी ने बताया कि कमेटी में दर्शन सिंह, संतोख सिंह व निर्मल सिंह को लिया गया है। यह कमेटी किरती किसान यूनियन की अगुवाई में वीरवार सुबह करीब 11 बजे एसडीएम कार्यालय के पास धरना देगी। इस बैठक में मुख्तयार सिंह, जगतार सिंह, बलवीर सिंह उसमानपुरी, सरबजीत सिंह, बलविंदर सिंह शामिल थे।
इसलिए शुरू नहीं हुआ मंगलवार को काम : एसडीएम निधी कलोत्रा ने कहा कि सिविल अस्पताल तक के पहुंच मार्ग का कार्य बुधवार को शुरू कर दिया जाएगा। मंगलवार को प्रशासन की ओर से कार्य इसलिए शुरू नहीं करवाया गया क्योंकि प्रशासन संबंधित लोगों को समझाना चाहता है कि लाखों रुपये की लागत से बना अस्पताल जनहित के लिए बनाया गया है। हालांकि बातचीत में अधिकतर लोगों ने प्रशासन के तर्क पर सहमति भी व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि जमीन देते समय गांव बरनाला की पंचायत की ओर से अस्पताल के साथ कैंटीन बनाने के लिए जमीन रखवाई गई थी। इसके चलते प्रशासन मौजूदा रास्ते के दोनों तरफ की जमीन एक्वायर नहीं कर सकता। यही वजह है कि रास्ते को एक तरफ से ही बनाया जा रहा है और इसी कारण रास्ते के लिए जमीन एक्वायर करने की प्रक्रिया एक तरफ से ही अमल में लाई जा रही है।
किसानों को कीमत की पूरी जानकारी नहीं थी : डीसी
डीसी आनंदिता मित्रा ने कहा प्रशासन ने पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत रास्ते के लिए जमीन एक्वायर करने के लिए अवार्ड अनाउंस किया है। यह पूर्व समय का तय प्रोजेक्ट है, इसलिए इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाना है। उन्होंने कहा कि उनके साथ लोगों ने मुलाकात की है जिसके चलते यह बात सामने आई है कि लोगों को प्रशासन की ओर से जमीन की दी जा रही कीमत के बारे में भी पूरी जानकारी नहीं थी। इस बारे में लोगों को बैठक में बताया गया है। उनसे मिलने आए लोगों में से अधिकतर ने इस पर सहमति प्रकट की है।