- Hindi News
- पंजाब एंड यूटी मुलाजिम संघर्ष कमेटी ने जलाया प्रदेश सरकार का पुतला
पंजाब एंड यूटी मुलाजिम संघर्ष कमेटी ने जलाया प्रदेश सरकार का पुतला
भास्कर न्यूज - नवांशहर
पंजाब और यूटी मुलाजिम संघर्ष कमेटी ने कर्मचारी मांगों के संबंध में तय संघर्ष के तहत मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के पास धरना देते हुए चंडीगढ़ चौक में प्रदेश सरकार का पुतला फूंका गया। इस दौरान कर्मचारियों ने मांगों के संबंध में जम कर नारेबाजी भी की। यहां धरने को संबोधित करते हुए संगठन नेताओं ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों के संबंध में बार-बार वायदे करके मुकर रही है। जिसके चलते कर्मचारियों में रोष पाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हालात यह हैं कि महंगाई की वजह से लोगों का जीना दूभर हुआ है व लोगों को सुविधाएं देने वाले विभागों में कच्चे कर्मचारी ठेके पर भर्ती किए गए हैं, जिन्हें कम से कम मेहनताना भी नहीं दिया जा रहा।
यही नहीं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग में हजारों पद खाली पड़े हैं। विभाग में पिछले समय के दौरान जो प्रमोशन की गईं हैं, उन्हें भी रिवर्ट किया जा रहा है। प्रदेश में दर्जनों मिडल स्कूलों को सरकार की ओर से बंद किया जा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों के वेतन संबंधी व अन्य कुछ मांगें हैं जिन पर सरकार की ओर से गौर नहीं किया जा रहा। जिसके चलते संगठन मांग करता है कि वेतन आयोग की सकारात्मक सिफारिशें लागू की जाएं, ठेका आधारित कर्मियों, डेली वेजिज कर्मियों को रैगुलर किया जाए। विभागों में पिछले लंबे समय से खाली पड़े पद पूरे ग्रेड सहित भरे जाएं, विभागों का निजीकरण बंद किया जाए, लगातार बढ़ रही महंगाई पर नकेल कसी जाए, बेरोजगारी दूर करने के लिए रोजगार के सही मौके पैदा किए जाएं। इसके अलावा कर्मचारियों की कुछ अन्य मांगों के संबंध में संघर्ष किया जा रहा है। संघर्ष के तय कार्यक्रम के तहत प्रदेश सरकार का पुतला फूंका जा रहा है, ऐसे में अगर सरकार की ओर से कर्मचारी मांगों की तरफ ध्यान न दिया गया तो तय कार्यक्रम के अनुसार 9 फरवरी को मुख्यमंत्री के विस क्षेत्र लंबी में विशाल रैली करके रोष प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों को करनैल सिंह राहों, वरिंदर कुमार, सुरिंदर सिंह, बहादुर सिंह, सूरज खोसला, भुपिंदर वड़ैच, कुलदीप सिंह दौड़का, मनजीत कुमार, बलवीर कुमार, सुरिंदर पाल, सुरिंदर सिंह, हरबंस मोरों, राजिंदर शर्मा, हस्मत अली, शिव कुमार, मेजर सिंह, जसवीर सिंह मोरों, भजन दास, हुस्न लाल, बलविंदर कौर, मोहन लाल पूनीयां, नरिंदर सूदन ने भी संबोधित किया।
चंडीगढ़ चौक में सरकार का पुतला जलाते पंजाब और यूटी मुलाजिम संघर्ष कमेटी के सदस्य।
9 फरवरी को मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र लंबी में रैली और प्रदर्शन करने की घोषणा