- Hindi News
- किसानों ने एक घंटा किया विरोध, आखिर प्रशासन ने ले लिया अस्पताल के लिए रास्ता
किसानों ने एक घंटा किया विरोध, आखिर प्रशासन ने ले लिया अस्पताल के लिए रास्ता
भास्कर न्यूज - नवांशहर
गांव बरनाला कलां में नए बने सिविल अस्पताल के लिए रास्ता लेने को बुधवार की सुबह प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। दूसरी ओर जमीन के मालिक किसान पहुंचने शुरू हो गए। एक घंटा तक किसान इस बात पर अड़े रहे कि रास्ते के लिए दोनों ओर से बराबर जमीन ली जाए। मगर प्रशासन और पुलिस के आगे रोष प्रदर्शन कर रहे किसानों की नहीं चली। एक घंटे के विरोध के बाद किसान चले गए और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपना काम शुरू कर दिया।
लोक निर्माण विभाग की ओर से चंडीगढ़ मार्ग से लेकर नई बनी सिविल अस्पताल की इमारत तक के करीब आधा किलोमीटर रास्ते को समतल करने का काम शुरु करवा दिया। इसके तहत गांव बरनाला कलां क्षेत्र में पड़ती व एक्वायर की गई जमीन पर लगे पेड़ उखाडऩे व जमीन को समतल करने के लिए भरती ((मिट्टी)) डालने का काम शुरू किया गया। जेसीबी मशीन से गांव जेठू मजारा क्षेत्र में पड़ती जमीन को समतल किए जाने का काम शुरू करवाया गया है। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ देव राज व जेई राजिंदर सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से फिलहाल गांव बरनाला कलां के तहत पड़ते रास्ते की जमीन के लिए दिए गए टैंडर के जरिए रास्ते पर काम शुरू करवाया है, जिसकी चौड़ाई 60 फुट बनती है। यहां सड़क बनाई जानी है। इसके अलावा इसी जमीन के साथ वाली गांव जेठू मजारा क्षेत्र में पड़ती जमीन जिस पर 71 फुट चौड़ा रास्ता बनाया जाना है को अभी समतल किया जा रहा है, मगर अभी यहां सड़क नहीं बनाई जानी।