- Hindi News
- गोबिंदपुरी डेरे का संचालक बाबा सरूप हरि गिरफ्तार
गोबिंदपुरी डेरे का संचालक बाबा सरूप हरि गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - होशियारपुर
हरियाना थाने के अधीन आते गांव नडाली के गोबिंदपुरी डेरे संचालक बाबा सरूप हरि को हरियाना पुलिस ने लुधियाना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ डेरे में चल रहे स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश का मामला दर्ज है। इस मामले में उसका सेवादार बलवीर सिंह पहले से ही जेल में बंद है। सरूप हरि को सोमवार को सीजेएम लकविन्दर कौर की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
लुधियाना रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया
एसएसपी डॉ. नरिंदर भार्गव ने बताया कि 9 जनवरी को नडाली गांव में नाबालिगा छात्रा के साथ जोर जबरदस्ती करने की कोशिश के बाद से सरूप हरि फरार था। पुलिस ने डीएसपी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया था। कई जगह छापेमारी की गई। बाबा के सेवादार बलवीर सिंह को पुलिस ने 10 जनवरी को ही गिरफ्तार कर लिया था। उस पर आरोप था कि उसने भी बाबा की मदद की थी। वह इस समय जिला जेल होशियारपुर में बंद है। सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बाबा लुधियाना के रास्ते फरार होने की कोशिश कर रहा है। हरियाना पुलिस ने 26 जनवरी को कथित आरोपी बाबा सरूप हरि को लुधियाना रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया। आज उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका तीन दिन का रिमांड मिला है।