कोल्ड स्टोर के ताले तोड़ नकदी चुराई
माहिलपुर/सैला खुर्द - माहिलपुर में मंगलवार देर राज अज्ञात चोरों ने नए बस अड्डे के समीप अभिषेक कोल्ड स्टोर को निशाना बनाते हुए शटर तोड़ कर अंदर गल्ले में पड़ी नकदी चोरी कर ली। कोल्ड स्टोर के मालिक नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह उनके स्टोर के शटर टूटे होने की सूचना मिली थी। जांच करने पर पता चला कि चोर गल्ले में पड़ी चिल्लर और तीन हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए हैं। स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे स्टोर में घुसे एक चोर की फुटेज कैद हुई है। उसकी एक कॉपी पुलिस को सौंप दी गई है। फुटेज में एक अधेड़ आयु का व्यक्ति नजर आ रहा है जो रात एक बज कर चालीस मिनट पर स्टोर में घुसा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।