- Hindi News
- सास बोली हमारे सामने तो नेहा ने कुछ लिखा नहीं, अब क्या कहूं
सास बोली- हमारे सामने तो नेहा ने कुछ लिखा नहीं, अब क्या कहूं
भास्कर न्यूज - फगवाड़ा
‘अब तो चली गई हम क्या कह सकते हैं। मुझे नेहा अपनी बेटी जैसी लगती थी। मैं तो स्कूल के बच्चों को भी अपने बच्चे समझती हूं फिर बहू को क्यों नहीं अपनी समझूंगी’। यह कहना है नेहा जलोटा की सास पूनम जलोटा का। पूनम जैन मॉडल स्कूल में साइंस टीचर हैं। उनकी बहू नेहा जलोटा ने मंगलवार को घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। नेहा के पिता कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर ससुराली उनकी बेटी को परेशान किया करते थे। पति विवेक, ससुर राकेश जलोटा तथा सास पूनम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
नेहा जलोटा की मौत के बाद उसके मायके वालों ने पुलिस को एक कागज सौंपा था। यह उन्हें नेहा के कमरे में एक टेस्ट कॉपी का पेज था। इसे वह नेहा की ओर से लिखी गई बता रहे हैं। इसमें लिखा है- ‘मम्मा का कहना है इस घर में रहना है तो हमारे तरीके से रहना होगा नहीं तो जाओ घर छोड़ कर।’
नेहा ने सास के बारे में ऐसा लिखा है, इस बारे में आरोपी पूनम जलोटा ने कहा-‘हमारे सामने तो कुछ लिखा नहीं। पीछे से क्या लिखा, किसने लिखा, मैं क्या कह सकती हूं। मेरे बारे में पता करना है तो आप स्कूल से कर लीजिए। मैं तो स्कूल के बच्चों को अपना मानती हैं नेहा तो फिर मेरी बहू थी। नेहा तो अब चली गई। हम क्या कह सकते हैं’।