- Hindi News
- झुलसा व्यक्ति अस्पताल से भागा, तीन घंटे बाद पटरी पर मिली एक झुलसी लाश
झुलसा व्यक्ति अस्पताल से भागा, तीन घंटे बाद पटरी पर मिली एक झुलसी लाश
भास्कर न्यूज - फगवाड़ा
खुद को गांव लखपुर का रहने वाला बताकर शुक्रवार सुबह 6 बजे एक आदमी सिविल अस्पताल पहुंचा। वह आग से जले का ईलाज करवाने आया था। कुछ घंटे बाद वह अस्पताल स्टाफ को बिना बताए वहां से चला गया। शाम ११ बजे पुलिस को जानकारी मिली कि शूगर मिल के पास एक आदमी ने ट्रेन के नीचे कूद आत्महत्या कर ली। कई टुकड़े होने के कारण शव को पहचाना न जा सका। पर मृतक के शरीर का कुछ हिस्सा जला था। अब पुलिस इस उलझन में है कि क्या दोनों व्यक्ति एक ही हैं। जांच जारी है।
शुक्रवार सुबह 6 बजे एक आदमी सिविल अस्पताल पहुंचा। उसके हाथ पांव तथा पेट का कुछ हिस्सा जला हुआ था। डाक्टरों को उसने अपना नाम बूटा वासी लखपुर बताया। डाक्टरों ने उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कर लिया तथा एमरजेंसी वार्ड में 6 नंबर बैड पर लेटा दिया। सुबह करीब 9 बजे वह बिना किसी को बताए सिविल अस्पताल से चला गया। इसी दौरान 1० बजे के करीब शूगर मिल के पास एक व्यक्ति ने दिल्ली से अमृतसर जा रही आम्रपाली ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। रेल से कट जाने के कारण उसका शरीर क्षतविक्षत हो गया था तथा उसके हाथ व शरीर का कुछ हिस्सा जला नजर आ रहा था। पुलिस को सिविल अस्पताल में ही पता चला कि सुबह यहां से एक व्यक्ति जो जले का इलाज करवाने आया था, वह कहीं चला गया है।
मृतक के जिस घर के होने की आशंका है गांव लखपुर में उस घर पर ताला लगा हुआ है। गाड़ी के आगे कूद कर आत्महत्या करने वाले व्यक्ति के भी कुछ अंग जले नजर आ रहे हैं। जिस कारण पुलिस को आशंका है कि दोनों घटनाएं एक ही आदमी के साथ हुई हैं। पुलिस ने पेशेंट रजिस्टर में दर्ज नाम के आधार पर मृतक की पहचान की कोशिशें शुरू की जो असफल रहीं। लखपुर में मंगा नाम के व्यक्ति के घर पर ताला लगा मिला। अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दुविधा में हैं।